बेमौसम बारिश और आंधी से अमरावती जिले में भारी नुकसान
राजुरवाड़ी में बिजली के खंभे गिरे

* तलेगांव में पेड़ गिरने से गाय की मौत, कई पशु घायल
अमरावती/दि.27- जिले में मंगलवार को हुई प्री-मानसून बारिश और तेज आंधी ने कई इलाकों में भारी नुकसान पहुंचाया. मोर्शी तहसील के राजुरवाड़ी क्षेत्र में तेज हवाओं के कारण टिन की छतें उड़ गईं, बिजली के खंभे गिर गए और पेड़ उखड़ गए. वहीं तिवसा तहसील के तलेगांव ठाकुर में पेड़ गिरने से एक गाय की मौत हो गई तथा दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं.
मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे अचानक मौसम बदल गया. तेज गरज-चमक और आंधी के साथ बारिश शुरू हुई. राजुरवाड़ी क्षेत्र में कई घरों की टिन की चादरें उड़ गईं, विज्ञापन बोर्ड टूट गए और बिजली के तार टूटने से बिजली आपूर्ति शाम तक बाधित रही. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये का नुकसान हुआ है. राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. अमरावती शहर और बडनेरा क्षेत्र में भी तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई. एमआईडीसी क्षेत्र में कई पेड़ गिर गए, जिससे मजदूरों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा. पुराने बाईपास रोड पर बड़ा पेड़ गिरने से यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा. कई जगहों पर पोस्टर और होर्डिंग भी फट गए. अचानक हुई बारिश से कृषि उपज बाजार समिति में किसानों की उपज भी भीग गई. किसान सचिन गाढवे का लगभग 30 क्विंटल चना बारिश में भीग गया. अन्य किसानों को भी नुकसान होने की जानकारी सामने आई है.
* तलेगांव ठाकुर में बड़ा नुकसान
तिवसा तहसील के तलेगांव ठाकुर में सोमवार दोपहर करीब 2 बजे आए तूफान के दौरान किसान उत्तमराव उमप के खेत के पास स्थित लगभग 20 वर्ष पुराना आम का पेड़ गिर पड़ा. पेड़ की चपेट में आने से राजू शेंडे की गाय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मारोती निमकर और दीपक भारती की गायें गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना के बाद गांववाले और किसान तुरंत मौके पर पहुंचे तथा पेड़ काटकर घायल पशुओं को बाहर निकाला. बाद में बैलगाड़ी की मदद से उन्हें गांव लाया गया. पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. विशाल माहुरे ने घायल पशुओं का उपचार किया. तलाठी तेजस्विनी केवटे और राजस्व कर्मचारी बालू घुरडे ने घटनास्थल का पंचनामा किया. मौसम में अचानक आए बदलाव से किसानों और ग्रामीणों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है.