खाने के डिब्बे में गांजे के साथ पकडा गया कारागृह जवान

अमरावती मध्यवर्ती कारागृह में हडकंप

* सुरक्षा पर उठे सवाल
अमरावती /दि.20- अमरावती मध्यवर्ती कारागृह में रक्षक ही भक्षक बनने का मामला उजागर हुआ है. एक कारागृह जवान द्वारा कैदी को देने के लिए खूद के खाने के डिब्बे में और बैग में गांजा और प्रतिबंधित वस्तु छिपाकर ले जाने का मामला उजागर हुआ है. इस जवान को रंगेहाथ पकड लिया गया है. इस घटना के कारण कारागृह प्रशासन में खलबली मच गई है. 18 जून को यह घटना उजागर हुई. संबंधित जवान का नाम उदय अशोकराव झपाटे है. उसके खिलाफ फ्रेजरपुरा पुलिस ने मामला दर्ज किया है.
अमरावती मध्यवर्ती कारागृह के मुख्य प्रवेश द्वार पर तैनात अधिकारी ने 18 जून की शाम 5 बजे के दौरान ड्यूटी पर जाने वाले कर्मचारियों की जांच शुरु की. तब संदिग्ध आरोपी रहे उदय झोपाटे के सामान की भी तलाशी ली गई. जब उसके खाने के डिब्बे और प्लॉस्टिक थैली की तलाशी ली गई, तब वहां मौजूद अधिकारियों की आंखें फट गई. आरोपी जवान के थैली और डिब्बे में कागज में लपेटा 1 से 2 ग्राम का गांजा बरामद हुआ. इसके अलावा उसके पास तंबाकू की पुडी, इयर फोन, दवाई का ड्राप, टूथपिक की डब्बी, रेनकोट, शर्ट और पानी की बोतल बरामद हुई. संदेश बढने पर जब उदय झपाटे की दुपहिया की डिक्की की तलाशी ली गई तो उसमें स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद हुआ. जेल के नियम के मुताबिक भीतर मोबाइल ले जाने पर पाबंदी है. इस मोबाइल की बारिकी से जांच की गई. तो गैलरी में कारागृह के कैदी राहुल प्रकाश तंबाले द्वारा लिखा गया एक पत्र और उस पर उसके हस्ताक्षर वाली एक चिट्ठी बरामद हुई.

* पैसों के लिए कैदी से मिलीभगत
आरोपी जवान द्वारा कारागृह नियमों का स्पष्ट उल्लंघन किया गया. उसने आर्थिक लाभ के लिए कारागृह के कैदी के रिश्तेदार से संपर्क किया था. खुद के मोबाइल का इस्तेमाल कर वह उनके संपर्क में था और कैदी को गैर कानूनी तरीके से सामान पहुंचाकर कारागृह की सुरक्षा खतरे में लाने का प्रयास कर रहा था. कारागृह अधीक्षक कीर्ति चिंतामणी डहाले के मार्गदर्शन में जवान योगेश जानोरकर ने शिकायत दर्ज की. पूरा सामान जब्त किया गया है. फ्रेजरपुरा पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.

Back to top button