इंजीनियरिंग सीईटी में 12 छात्रों ने हासिल किया 100 परसेंटाइल
एमएच-सीईटी 2026

मुंबई /दि.20- राज्य सामान्य प्रवेश परीक्षा प्रकोष्ठ द्वारा इंजीनियरिंग, कृषि और फार्मेसी पाठ्यक्रमों के झउच् ग्रुप के लिए आयोजित एमएच-सीईटी 2026 के दूसरे चरण का परिणाम शुक्रवार को घोषित किया गया. इस परीक्षा में 12 विद्यार्थियों ने 100 परसेंटाइल प्राप्त कर शानदार सफलता हासिल की है. इस वर्ष सीईटी सेल ने छात्रों को अवसर देने के लिए परीक्षा दो चरणों में आयोजित की थी. पीसीएम ग्रुप की दूसरी परीक्षा 12 से 20 मई के बीच 11 सत्रों में आयोजित की गई थी.
* 2.85 लाख विद्यार्थियों ने दी परीक्षा
पीसीएम ग्रुप के लिए कुल 3,21,218 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 2,85,121 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए. परीक्षार्थियों में 1,74,698 पुरुष विद्यार्थी, 1,10,413 महिला विद्यार्थी, 10 ट्रांसजेंडर विद्यार्थी शामिल थे. पहले और दूसरे दोनों चरणों को मिलाकर कुल 38 विद्यार्थियों ने 100 परसेंटाइल प्राप्त किए हैं. इनमें 26 विद्यार्थी पहले चरण और 12 विद्यार्थी दूसरे चरण के हैं.
* 100 परसेंटाइल प्राप्त करने वाले विद्यार्थी
दूसरे चरण में 100 परसेंटाइल प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में इप्शिता निकाले (मुंबई उपनगर), हर्षवर्धन पाटिल (मुंबई उपनगर), आदित्य तोरवे (पुणे), अथर्व घोरपड़े (पुणे), सुरमल जाधव (पुणे), मोहक चावले (चंद्रपुर), नचिकेत येवाले (रायगढ़), प्रथा अग्रवाल (वर्धा), शब्बर घाटीवाला (भंडारा), आदित्य वानखेड़े (भंडारा) शामिल हैं. इसके अलावा हरियाणा के सोनीपत निवासी मान तथा मध्य प्रदेश के कटनी निवासी प्रांजल शर्मा ने भी 100 परसेंटाइल प्राप्त किया है.
* दो छात्राओं ने भी बनाया स्थान
100 परसेंटाइल हासिल करने वाले 12 विद्यार्थियों में दो छात्राएं भी शामिल हैं, जिन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन किया है.
* छात्रों में उत्साह
परिणाम घोषित होने के बाद विद्यार्थियों और अभिभावकों में उत्साह का माहौल है. अब सफल विद्यार्थी इंजीनियरिंग, कृषि और फार्मेसी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए केंद्रीयकृत प्रवेश प्रक्रिया की तैयारी में जुट गए हैं. राज्यभर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को शिक्षकों और अभिभावकों ने बधाई दी है.
* परसेंटाइल के अनुसार विद्यार्थियों की संख्या
परसेंटाइल विद्यार्थियों की संख्या
100 12
90 से 99.99 29,219
80 से 89.99 29,284
70 से 79.99 29,115
60 से 69.99 30,050
50 से 59.99 27,923





