मोर्शी उपजिला अस्पताल में पल्स पोलियो अभियान
25 केंद्रों पर बच्चों को पिलाई गई पोलियो की खुराक

मोर्शी /दि.29– मोर्शी के उपजिला अस्पताल में रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान सफलतापूर्वक आयोजित किया गया. अभियान का शुभारंभ नगराध्यक्ष प्रतीक्षा गुल्हाने ने पोलियो बूथ का उद्घाटन कर किया.
इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रमोद पोतदार, डॉ. प्रदीप कुराडे, डॉ. सचिन कोरडे, मैट्रन रूथ लोखंडे, नर्स वर्षा दरोकर, मातृ एवं शिशु कल्याण विभाग की प्रभारी जयश्री मोरे सहित स्वास्थ्य सेविकाएं, स्वास्थ्य कर्मचारी, आंगनवाड़ी सेविकाएं और अस्पताल का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा. अभियान के तहत मोर्शी शहर में 25 पोलियो बूथों की स्थापना की गई. इनमें नगर परिषद स्कूल, समाज मंदिर, हनुमान व्यायामशाला, रामजी बाबा संस्थान, विभिन्न प्राथमिक विद्यालय, अस्पताल, बौद्ध विहार, एसटी डिपो, रेलवे स्टेशन, पुराना बस स्टैंड तथा मोबाइल टीम सहित अन्य स्थान शामिल रहे.
स्वास्थ्य विभाग ने इस अभियान के तहत 3,500 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया था. अभियान के दौरान बड़ी संख्या में बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई और अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक सहयोग किया. मातृ एवं शिशु कल्याण विभाग की प्रभारी जयश्री मोरे के उत्कृष्ट नियोजन तथा चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रमोद पोतदार के मार्गदर्शन में यह अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. स्वास्थ्य विभाग ने सभी नागरिकों से अपील की कि 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि पोलियो मुक्त समाज का लक्ष्य हासिल किया जा सके.