आदर्श स्कूलों के फंड का पूरा उपयोग करें, बची राशि से बढ़ें सुविधाएं

राज्यमंत्री डॉ. पंकज भोयर के अधिकारियों को निर्देश

अमरावती /दि.29- महाराष्ट्र के स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. पंकज भोयर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले की आदर्श स्कूलों के लिए उपलब्ध कराए गए सरकारी फंड का पूरा और प्रभावी उपयोग किया जाए. उन्होंने कहा कि यदि भवन निर्माण कम लागत में पूरा हुआ है, तो बची हुई राशि से स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए आधुनिक और उपयोगी सुविधाएं विकसित की जाएं.
डॉ. भोयर ने रविवार को माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल कार्यालय का दौरा कर पीएमश्री, सीएमश्री और आदर्श स्कूलों की समीक्षा की. उन्होंने कहा कि जिन आदर्श स्कूलों का निर्माण कार्य अभी अधूरा है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बची हुई राशि के उपयोग के लिए तत्काल शासन को प्रस्ताव भेजा जाए. इस फंड से स्कूलों में अध्ययन कक्ष (स्टडी रूम), कंप्यूटर लैब और अन्य शैक्षणिक सुविधाएं विकसित की जा सकती हैं.राज्यमंत्री ने सरकारी स्कूलों में स्वच्छता को भी प्राथमिकता देने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि आदर्श स्कूलों में बेहतर स्वच्छता व्यवस्था और पर्याप्त शौचालय सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं. आवश्यकता पड़ने पर जिला नियोजन समिति के फंड से भी सहायता ली जाए.
बैठक के बाद डॉ. भोयर ने मालटेकड़ी रोड स्थित प्रस्तावित डॉ. पंजाबराव देशमुख शैक्षणिक संकुल के लिए निर्धारित भूमि का निरीक्षण किया. उन्होंने निर्देश दिए कि संकुल का निर्माण भव्य रूप में किया जाए तथा इसमें कॉन्फ्रेंस हॉल और विद्यार्थियों के लिए आधुनिक अध्ययन कक्ष भी बनाए जाएं. उन्होंने सरकारी कर्मचारियों के आवास निर्माण के प्रस्ताव पर पुनर्विचार करने की भी बात कही. डॉ. भोयर ने बताया कि चूंकि इस शैक्षणिक संकुल की घोषणा राज्य के बजट में की जा चुकी है, इसलिए सभी आवश्यक प्रक्रियाएं जल्द पूरी कर दिसंबर में होने वाले विधानसभा अधिवेशन में इसके लिए निधि उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा.

Back to top button