सब्जी खरीदते समय बाइक से पर्स चोरी

नवसारी चौक में वारदात, डेढ मिनट में लाखों के गहने उडाये

* पुलिस ने किया मामला दर्ज
अमरावती/दि.22– शहर के व्यस्त नवसारी चौक क्षेत्र में भाजी खरीदने के दौरान एक परिवार की बाइक से पर्स चोरी होने की घटना सामने आई है. चोरी हुई पर्स में नकदी, मोबाइल फोन और सोने-चांदी के आभूषण सहित कुल करीब 1 लाख 9 हजार रूपये का सामान होने की जानकारी सामने आई है. शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता करण सुमेद सहारे (29, नवसारी) शनिवार की रात करीब 9 बजे अपनी पत्नी के साथ नवसारी चौक क्षेत्र में सब्जी खरीदने गए थे. शिकायत के अनुसार खरीदारी के दौरान उनकी पत्नी ने अपनी पर्स वाहन पर टांग रखी थी. कुछ समय बाद जब दोनों वापस वाहन के पास पहुंचे तो पर्स गायब मिली. बताया गया कि चोरी हुई पर्स में करीब 8 हजार रूपये नकद ,मोबाइल फोन, चांदी की पायल, सोने का पेंडेंट, सोने की चेन तथा अन्य कीमती सामान रखा था. चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 9 हजार रूपये बताई गई है. घटना के बाद आस-पास तलाश करने पर भी पर्स नहीं मिली. जिसके बाद शिकायतकर्ता ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर गाडगेनगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस आस-पास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात आरोपी की तलाश कर रही है.

Back to top button