मध्यवर्ती कारागृह में अभिवीक्षक मंडल की त्रैमासिक बैठक
कलेक्टर आशिष येरेकर ने किया आधुनिक रसोईघर का उद्घाटन, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश

अमरावती/दि.1 – अमरावती मध्यवर्ती कारागृह में मंगलवार, 29 सितंबर को जिला कलेक्टर आशिष येरेकर की अध्यक्षता में कारागृह अभिवीक्षक मंडल की त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले के विभिन्न प्रमुख विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे. इस दौरान जिलाधिकारी ने जेल परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और विभिन्न समस्याओं की जानकारी ली.
जिलाधीश येरेकर ने अधिकारियों के साथ जेल के पाकगृह, अस्पताल, मुलाकात कक्ष, अनाज गोदाम, कैंटीन, बढ़ई काम विभाग, पुस्तकालय, रेडियो कक्ष, मुक्त विश्वविद्यालय अध्ययन केंद्र, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष, बंदी बैरक तथा अतिसुरक्षा कक्ष का निरीक्षण किया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए.
* आधुनिक रसोईघर का उद्घाटन
डीपीडीसी के तहत आधुनिकीकरण किए गए नए आधुनिक पाकगृह का उद्घाटन जिलाधिकारी आशिष येरेकर के हाथों किया गया. आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित रसोईघर की व्यवस्था का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने संतोष व्यक्त किया. इसके अलावा कलेक्टर ने वीसी क्यूबिकल कक्ष का भी निरीक्षण किया. यहां ऑनलाइन न्यायालयीन पेशी, वकीलों तथा बंदियों के परिजनों के साथ होने वाली ऑनलाइन मुलाकात की व्यवस्था की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.
* सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
कारागृह में बिजली व्यवस्था निर्बाध बनाए रखने के लिए एक्सप्रेस फीडर लगाने और इसकी रिपोर्ट तत्काल प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए. साथ ही वायरिंग की मरम्मत का काम डीपीडीसी निधि से पूरा करने के लिए कहा गया. सुरक्षा की दृष्टि से जेल के बाहर हाईवे की ओर व्यू-कटर लगाने का काम तत्काल पूरा करने के निर्देश लोकनिर्माण विभाग को दिए गए. बंदियों को समय पर न्यायालय में पेश करने तथा चिकित्सा उपचार के लिए अस्पताल ले जाने में पुलिस दल की कमी न हो, इसके लिए जेल और पुलिस विभाग के बीच हर महीने समन्वय बैठक आयोजित करने की सूचना भी दी गई.
* बंदियों के कौशल विकास पर जोर
बैठक में बंदियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए कार वॉशिंग सेंटर का काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए. सोलर प्रशिक्षण के साथ ही बंदियों के लिए अन्य नए कौशल विकास प्रशिक्षण शुरू करने पर भी जोर दिया गया. इसके अलावा पुस्तकालय के आधुनिकीकरण, ई-बाइक, सौर ऊर्जा व्यवस्था तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के संबंध में संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए. बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम, पुलिस उपायुक्त प्रांजली सोनावणे, जिला सामान्य अस्पताल के निवासी चिकित्सा अधिकारी नरेंद्र वानखेडे, अशासकीय सदस्य धनानंद नागदिवे, जेल अधीक्षक कीर्ति चिंतामणी, उपअधीक्षक प्रदीप इंगले, वरिष्ठ जेल अधिकारी देवराव जाधव, आंतरिक सुरक्षा अधिकारी धनसिंग कवाले, जेल अधिकारी हेमंत इंगोले, जेल शिक्षक ललित मुंडे और संजय घोलप सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.





