मोर्शी-वरूड में रोजगार गारंटी योजना पर सवाल
यूजर आईडी-पासवर्ड के दुरुपयोग की होगी जांच

* दोषी पाए जाने पर होगी आपराधिक कार्रवाई
मोर्शी /दि.9– मोर्शी विधानसभा क्षेत्र में रोजगार गारंटी योजना के तहत किए गए मातोश्री पानंद सड़क निर्माण कार्यों में फर्जी मस्टर रोल, अधूरे कार्य और निधि के दुरुपयोग के आरोपों के बीच अब ग्राम रोजगार सहायकों की यूजर आईडी और पासवर्ड के कथित दुरुपयोग का मामला सामने आया है. शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं.
जानकारी के अनुसार, मोर्शी और वरूड तहसील के विभिन्न गांवों में रोजगार गारंटी योजना के तहत किए गए कार्यों में हजारों मजदूरों के नाम पर फर्जी उपस्थिति दर्ज किए जाने के आरोप लगाए जा रहे हैं. किसानों और नागरिकों ने इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. इसी बीच ग्राम रोजगार सहायकों की यूजर आईडी और पासवर्ड का उपयोग कर कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा मजदूरों की उपस्थिति दर्ज किए जाने की शिकायत सामने आई है. इससे रोजगार गारंटी योजना के तहत किए गए कार्यों की पारदर्शिता और रिकॉर्ड की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो गए हैं. रोजगार सहायक संघ, वरूड द्वारा दिए गए ज्ञापन के आधार पर उपजिलाधिकारी ने तहसीलदार और पंचायत समिति के गट विकास अधिकारी (बीडीओ) को मामले की जांच करने के निर्देश दिए हैं.
शिकायत के अनुसार, पिछले कुछ महीनों से कुछ अज्ञात लोग ग्राम रोजगार सहायकों की लॉगिन जानकारी का इस्तेमाल कर ऑनलाइन हाजिरी दर्ज कर रहे हैं. इससे योजना के तहत किए गए कार्यों और वास्तविक मजदूरों की उपस्थिति को लेकर संदेह पैदा हो गया है. प्रशासन ने सभी ग्राम रोजगार सहायकों को तत्काल अपने पासवर्ड बदलने के निर्देश देने को कहा है. साथ ही उपजिलाधिकारी (रोहयो) को पूरे मामले की गहन जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई का प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच में यदि यूजर आईडी और पासवर्ड के दुरुपयोग की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर फौजदारी कार्रवाई की जाएगी. इस पूरे घटनाक्रम के बाद मोर्शी विधानसभा क्षेत्र में रोजगार गारंटी योजना के तहत हुए कार्यों की पारदर्शिता पर सवाल उठने लगे हैं. अब जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि योजना में अनियमितताएं हुई हैं या नहीं.





