विशेष पुलिस महानिरीक्षक महेश पाटिल ने किया अभिनंदन बैंक का सद्भावना दौरा

अमरावती /दि.9 – अमरावती परिक्षेत्र के विशेष पुलिस महानिरीक्षक महेश पाटिल ने हाल ही में अभिनंदन अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक के मुख्यालय ‘अभिनंदन हाइट्स’ का सद्भावना दौरा किया. इस अवसर पर बैंक के अध्यक्ष एड. विजय बोथरा, उपाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र बरड़िया तथा प्रबंधन मंडल के अध्यक्ष सुदर्शन गांग ने उनका शॉल, श्रीफल, स्मृति-चिन्ह और बैंक की रजत जयंती वर्ष पर प्रकाशित स्मारिका ‘अर्थसरिता’ भेंट कर स्वागत किया.
कार्यक्रम में बैंक अध्यक्ष एड. विजय बोथरा ने बैंक की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि 31 मार्च 2026 तक बैंक की कुल जमा राशि 425.67 करोड़ रुपये, ऋण वितरण 287.94 करोड़ रुपये तथा कुल व्यवसाय 713.61 करोड़ रुपये रहा. बैंक का सीडी रेशियो 67.64 प्रतिशत, शुद्ध लाभ 5.48 करोड़ रुपये, सीआरएआर 18.20 प्रतिशत तथा नेट एनपीए शून्य प्रतिशत दर्ज किया गया है. उन्होंने बताया कि बैंक आधुनिक डिजिटल बैंकिंग सुविधाएं भी प्रदान कर रहा है तथा उत्कृष्ट कार्य के लिए उसे महाराष्ट्र शासन के ‘सहकार निष्ठा’ और ‘सहकार भूषण’ पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है.
इस अवसर पर महेश पाटिल के प्रशासनिक एवं सामाजिक कार्यों का भी उल्लेख किया गया. वर्ष 2008 बैच के आईपीएस अधिकारी पाटिल ने अहमदनगर, पुणे, नांदेड़, नागपुर, ठाणे और मुंबई सहित विभिन्न स्थानों पर वरिष्ठ पदों पर कार्य किया है. उन्हें वर्ष 2018 और 2026 में राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया जा चुका है. उन्होंने मानव तस्करी, अवैध धंधों और संगठित अपराध के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाने के साथ ही समाजहित की अनेक योजनाएं भी शुरू की हैं.
अपने संबोधन में महेश पाटिल ने बैंक के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उत्कृष्ट सेवा, पारदर्शी कार्यप्रणाली और नैतिक बैंकिंग के कारण बैंक निरंतर प्रगति कर रहा है. उन्होंने कहा कि कम एनपीए बैंक की वित्तीय मजबूती का परिचायक है तथा निदेशक मंडल और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों से बैंक भविष्य में और अधिक ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा. दौरे के दौरान उन्होंने ‘अभिनंदन हाइट्स’ भवन का निरीक्षण भी किया और उसके आधुनिक निर्माण की प्रशंसा की. अंत में बैंक के उपाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र बरड़िया ने आभार व्यक्त करते हुए पुलिस विभाग की सेवाओं की सराहना की. कार्यक्रम में बैंक के निदेशक राजेंद्र सिंघई, कंवरिलाल ओस्तवाल, राजेंद्र भंसाली, किशोर बोकारिया, शंकर शिंदे, प्रबंधन मंडल सदस्य भारतप्रकाश खंजाची, सीए श्रीदक बोथरा, प्रदीप रुनवाल, उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनिल उगले सहित बैंक के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे.

Back to top button