अमरावती में विश्व पर्यावरण दिवस पर सतत विकास और जैव विविधता संरक्षण का संदेश

अमरावती /दि.9 – विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अमरावती स्थित सस्टेनेबल डेवलपमेंट सेंटर में विविध कार्यक्रमों का आयोजन कर पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और सतत विकास के प्रति जनजागृति का संदेश दिया गया. यह केंद्र सस्टेनो फाउंडेशन के अंतर्गत 1 मई 2026 से विदर्भ के 11 जिलों के लिए कार्यरत है. केंद्र के माध्यम से सरकारी, अर्ध-सरकारी, गैर-सरकारी संस्थाओं तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं के सहयोग से संयुक्त राष्ट्र द्वारा निर्धारित सतत विकास के 17 लक्ष्यों की पूर्ति के लिए पर्यावरण संतुलन एवं जैव विविधता संरक्षण पर कार्य किया जा रहा है.
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर केंद्र परिसर (परांजपे कॉलोनी, जिला उद्योग केंद्र के सामने, आनंद पैलेस) में नेटिव सीड्स बैंक तथा कचरे से निर्मित पर्यावरण-अनुकूल एवं टिकाऊ उत्पादों की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आर.आर. लाहोटी साइंस कॉलेज, मोर्शी के पूर्व प्राचार्य दिलीप सिंह खांबरे थे. विशेष अतिथियों में सेवानिवृत्त अधिकारी कैप्टन मुकुंद मोहोड़, उद्योगपति नवल किशोर भूत तथा भारत संचार निगम लिमिटेड के सेवानिवृत्त क्षेत्रीय प्रबंधक सुरेश अग्रवाल शामिल रहे.
इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले चयनित पर्यावरण प्रेमियों को एनवायरनमेंट प्रोटेक्टर सम्मान से सम्मानित किया गया. सम्मानित व्यक्तियों में अनिल चौधरी, प्रमोद पांडे, प्रवीण गुल्हाने, रोशन पेडियार, डॉ. सागर मैदानकर तथा प्रशांत लाडोले शामिल हैं. कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण एवं जैव विविधता विषय पर संगोष्ठी और विचार-विमर्श का आयोजन भी किया गया. विदर्भ क्षेत्र की विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा क्षेत्र विशेषज्ञों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए उपयोगी सुझाव प्रस्तुत किए.
इस अवसर पर सिद्धार्थ वानखड़े, अनंत ऑयल शेल, डॉ. गोवर्धन चरपे, काशीनाथ चौधरी, अनंत मुदगले, किशोर हुरडे, डॉ. शिवाजीराव झोम्बडे, विजय बाहेकर, डॉ. राधेश्याम बहादुर, विजय देशमुख, बालासाहेब शिंदे, यशवंत पांडे, सारंग राउत तथा रत्नशेखर गजभिये सहित अनेक पर्यावरण प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे. कार्यक्रम के समापन सत्र में बी.के.डी. ग्रुप की ओर से किशोरानंद देशमुख ने स्वर्गीय आशा भोसले की स्मृति में भक्ति संगीत की प्रस्तुति दी. कार्यक्रम में सस्टेनेबल डेवलपमेंट सेंटर की समन्वयक डॉ. अर्चना मोहोड़, समन्वयक जयंत सवाई तथा केंद्र के निदेशक गणेश चौधरी ने सक्रिय सहभागिता निभाई. कार्यक्रम का संचालन प्रसिद्ध सूत्रसंचालिका प्राजक्ता राउत ने किया, जबकि अंत में जयंत सवाई ने उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया.





