बरखा रानी जरा जम के बरसो…

संगीत संध्या में बरसी सुरों की फुहार, श्रोताओं ने लिया भरपूर आनंद

* साहस वैदर्भी और मैत्र जीवांचे का संयुक्त आयोजन
* गायकों ने दी बारिश पर आधारित मराठी, हिंदी गीतों की प्रस्तुति
अमरावती/दि.24– बारिश के सुहाने मौसम को समर्पित जरा जमके बरसों… संगीत संध्या ने रविवार, 21 जून को संगीत प्रेमियों को सुरों की अनूठी सौगात दी.
स्थानीय श्री हनुमान व्यायाम प्रसारक मंडल के स्व. सोमेश्वर पुसतकर सभागृह में आयोजित संगीत संध्या में श्रोताओं की भारी भीड उमडी और पूरे सभागृह में संगीत का जादू छा गया. साहस वैदर्भी और मैत्र जीवांचे के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में गायक आशुतोष देशपांडे, शीतल भट, केतकी मोहदरकर-देशपांडे और आदित्य खारोकर ने बारिश पर आधारित मराठी और हिंदी गीतों की शानदार प्रस्तुति दी. ये रात भिगी-भिगी…, रिमझिम गिरे सावन…, ओ साजना बरखा बहार आयी…, मेघा रे मेघा रे…, श्रावणात घननिळा बरसला… और भिजून गेला वारा… जैसे लोकप्रिय गीतों ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया.
लगभग 70 वर्षों की संगीत यात्रा को समेटे इस कार्यक्रम में कलाकारों की मधूर गायकी और वाद्य कलाकारों की उत्कृष्ट संगत ने समा बांध दिया. लोकप्रिय सूत्र संचालक नितिन भट के प्रभावशाली संचालन ने कार्यक्रम की रंगत और बढा दी. करीब ढाई घंटे तक चले इस संगीत समारोह में दर्शकों ने तालियों की गडगडाहट और वन्स मोर की मांग के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया. कार्यक्रम का समापन फिल्म मदर इंडिया के प्रसिद्ध गीत दुख भरे दिन बीते रे भैया… की प्रस्तुति के साथ हुआ. यह संगीत संध्या शहर के संगीत प्रेमियों के लिए यादगार साबित हुई.

Back to top button