पुलिस अधिकारियों को पदोन्नति के साथ नई जिम्मेदारी
शहर आयुक्तालय को मिले दो नए एसीपी

* अमरावती शहर तथा ग्रामीण में कार्यरत पुलिस अधिकारियों का प्रमोशन
अमरावती /दि.24- महाराष्ट्र सरकार द्वारा पुलिस विभाग में बडा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए राज्य के 224 पुलिस अधिकारियों को पदोन्नति के साथ नई नियुक्तियां प्रदान की गई है. जारी शासन आदेश के अनुसार पुलिस उप अधीक्षक-सहायक पुलिस आयुक्त पद पर पदोन्नति हेतु तैयार की गई नियमित चयन सूची 2025-26 के अंतर्गत कई पुलिस निरीक्षकों को पदोन्नति देते हुए नई पदस्थापना दी गई है. इसमें अमरावती शहर तथा ग्रामीण में कार्यरत पुलिस अधिकारियों का प्रमोशन किया गया है.
जानकारी के अनुसार इस फेरबदल में अमरावती परिक्षेत्र को भी नए अधिकारी मिले है. जिसमें अमरावती शहर को दो नए सहायक पुलिस आयुक्त मिले है. जारी आदेशानुसार पुलिस निरीक्षक दिलीप शंकरराव वडगांवकर को पदोन्नति देते हुए सहायक पुलिस आयुक्त, अमरावती शहर नियुक्त किया गया है. वहीं भंडारा के पुलिस अधिकारी नीलेश महादेवराव ब्राह्मणे को पदोन्नति के साथ सहायक पुलिस आयुक्त, अमरावती शहर पर नियुक्ति दी गई. पुणे एंटीकरप्शन ब्यूरो के अधिकारी दयानंद सदाशिव गावंडे को पदन्नति देते हुए उपविभागीय पुलिस अधिकारी, अचलपुर उपविभाग (अमरावती ग्रामीण) बनाया गया.
अर्जुन भगवानराव ठोसरे को देउलगांव राजा उपविभाग, बुलढाणा में उपविभागीय पुलिस अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई. अमरावती एंटीकरप्शन ब्यूरो के पुलिस उपअधीक्षक सुनील विष्णु किंगे को पदन्नति के तहत आर्थिक अपराध शाखा, वाशिम में नियुक्त किया गया. वाशिम के अधिकारी दिनेश चंद्रा राघवेंद्र दयाल शुक्ला को अपर पुलिस अधीक्षक अपराध अन्वेषण विभाग अमरावती के तौर पर पदस्थ किया गया. यवतमाल के सुनील पांडुरंगपंत हूड को मोर्शी उपविभागीय पुलिस अधिकारी पद पर नियुक्त किया गया.
ग्रामीण साईबर सेल के अशोक नारायण लांडे को पुलिस उपअधीक्षक आर्थिक अपराध शाखा, अमरावती की जिम्मेदारी सौंपी गई. नागपुर ग्रामीण के पुलिस निरीक्षक उमेश नागोराव पाटिल को अंजनगांव सुर्जी उपविभाग, अमरावती ग्रामीण में उपविभागीय पुलिस अधिकारी के तौर पर नियुक्त किया गया. इस आदेश के बाद अमरावती सहित कई जिलो के पुलिस प्रशासन में महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिलेंगे. नई नियुक्तियों से प्रशासनिक कार्यक्षमता और कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है.





