राखी की सजी दुकानें, बहनों द्वारा चाव से खरीदी शुरु
सैकडों लोगों को रोजगार देता है, यह त्यौहार

* नाना प्रकार की राखियां मार्केट में मौजूद
* बच्चों के लिए विशेष खेल-खिलौने, कार्टून वाली राखियां
अमरावती/दि.13– रेशम की डोरी ने संसार बांधा है, बहनों ने भाई की कलाई पर प्यार बांधा है. मशहूर गीत की पंक्तियां सभी को भारतवर्ष के भाई-बहनों के स्नेह का पर्व रक्षाबंधन करीब आते ही प्रत्येक छोटे-बडे को सहज स्मरण हो आता है. रक्षाबंधन के लिए राखी की दुकाने अमरावती में सज गई है. बहने भी चाव से अपने प्रिय बंधु के लिए राखी चूज कर रही है. जवाहर गेट से लेकर रवि नगर तक सजी राखी की दुकानों के कारण सैकडों लोगों को रोजगार भी मिला है. यह भी उल्लेखनीय है कि, भाईयों की कलाई पर रेशम की डोर सजाने के लिए बहनों के पास अनेक ऑप्शन उपलब्ध है. खासकर बच्चों के लिए कार्टून से लेकर अनेक मनपसंद किरदारों के चित्रयुक्त राखियां उपलब्ध की गई है. कीमतों की बात करें, तो अलग-अलग रेंज की राखी उपलब्ध है.
* कोलकाता, अहमदाबाद से आयात
जवाहर गेट, मोची गली स्थित श्रृंगार राखी भंडार के संचालक हार्दिक ने बताया कि, एक से बढकर एक राखियां उनके स्टोर में उपलब्ध है. 2 रुपए से लेकर 300 रुपए तक प्रति नग राखी की विक्री होती है. कोलकाता और अहमदाबाद से खास सुंदर-सुंदर राखियां मंगाई जाती है. सभी डिजाइन लुभावने होते हैं. यह तो बहनों की चॉइस का विषय है. वे अपने बंधु के लिए किस प्रकार की राखी पसंद करती है.
* बच्चों के लिए विशेष राखियां
सोशल मीडिया के इस दौर में बच्चे स्मार्ट हो गए हैं. उन्हें भी अपनी चॉइस की राखी अपनी कलाई पर सजाने में रुचि होती है. अत: शहर के राखी विक्रेताओं ने खास स्पेशाल राखियां उपलब्ध करवाई है, जो बच्चों के मनपसंद किरदारों, कार्टून चरित्रों और डिजाइन से सजी है. राखियों की दुकान में चढते ही बहनें पसंद करने में लग जाती है. आगामी 28 अगस्त को रक्षाबंधन का पर्व मनाया जाना है. पूरे वर्ष बहनों को इस त्यौहार का इंतजार होता है, जब वे अपने प्रिय भाईयों की कलाई पर रेशम की डोर से स्नेह सजाती है. वहीं भाई भी बहनों को सभी प्रकार की सुरक्षा का वचन दोहराते हैं. उपहारों का भी लेन-देन होता है.
* गिफ्ट की भरमार
राखी के त्यौहार को देखते हुए मार्केट में उपहारों की बडे प्रमाण में खरीददारी बढने की उम्मीद है. अत: गिफ्ट सेंटर नए आयटम से सज गए हैं. शहर के जवाहर रोड के अलावा रवि नगर रोड, गाडगे नगर, दस्तुर नगर, कंवर नगर, राजापेठ में गिफ्ट की दुकानों में कई नए उपहार उपलब्ध किए गए हैं. अगले कुछ दिनों में फुटकर ग्राहकी बढने की आशा गिफ्ट सेंटर संचालक राजेश ने व्यक्त की.
* सराफा भी ग्राहकी की उम्मीद में
त्यौहारों के कारण भारत की अर्थव्यवस्था गतिमान रहती है. रक्षाबंधन से मानों त्यौहारों की शुरुआत हो जाती है. अत: सराफा मार्केट में भी सोने-चांदी के खास आभूषण ज्वेलर्स ने तैयार किए है. चांदी की राखियों की डिमांड बनी हुई है. बल्कि हाल के वर्षों में सोने की बजाए चांदी की राखी खरीदने पर अधिक जोर दिया जाता है. उसी प्रकार चांदी के यूटेनसील उपहार स्वरुप दिए जाने की प्रथा चल पडी है. इस प्रचलन के कारण चांदी के कई उपहार और आयटम रक्षाबंधन के मौके पर भारी डिमांड में रहने की उम्मीद एक ज्वेलर ने व्यक्त की.





