गूगल मैप के भरोसे सफर पड़ा भारी, महिला की सड़क हादसे में मौत

बेटे के साथ बाईक से अधूरे पुल पर पहुंची, गड्ढे से टकराकर गिरने से महिला की गई जान

बदलापुर./दि.4– गूगल मैप के कथित गलत मार्गदर्शन के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसे में 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई. यह घटना बदलापुर के जांभले गांव के समीप मुंबई-बड़ौदा महामार्ग पर निर्माणाधीन पुल के पास हुई. मृतका अपने बेटे के साथ टिटवाला में गणपति दर्शन कर लौट रही थीं. हादसे के बाद क्षेत्र में अधूरे मार्गों और जीपीएस आधारित नेविगेशन की विश्वसनीयता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. मृतका की पहचान अरुणा अरुण कुलकर्णी (50) के रूप में हुई है, जो कल्याण के एकविरा नगर स्थित रामदास सोसायटी की निवासी थीं.
पुलिस के अनुसार अरुणा कुलकर्णी अपने पुत्र प्रतीक कुलकर्णी के साथ 28 जून को दोपहिया वाहन से टिटवाला स्थित गणपति मंदिर में दर्शन के लिए गई थीं. दर्शन के बाद दोनों रात करीब साढ़े आठ बजे घर लौट रहे थे. बताया गया है कि वापसी के दौरान उन्होंने गूगल मैप के माध्यम से निकटतम मार्ग की जानकारी ली. नेविगेशन प्रणाली ने उन्हें जांभले गांव के पास निर्माणाधीन पुल वाले मार्ग से जाने का रास्ता दिखाया. यह पुल मुंबई-बड़ौदा महामार्ग परियोजना का हिस्सा है और अभी पूरी तरह तैयार नहीं हुआ है. आधिकारिक रूप से यह मार्ग यातायात के लिए शुरू भी नहीं किया गया है.
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार पुल पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, चेतावनी संकेतक और सुरक्षा संबंधी इंतजाम नहीं थे. रात के समय सामने मौजूद गड्ढा दिखाई नहीं देने पर बाइक चला रहे प्रतीक कुलकर्णी ने अचानक ब्रेक लगाया. इससे दोपहिया वाहन का संतुलन बिगड़ गया और पीछे बैठी अरुणा कुलकर्णी सड़क पर गिर पड़ीं. सिर में गंभीर चोट लगने से वह बुरी तरह घायल हो गईं. घटना के तुरंत बाद उन्हें बदलापुर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि जिस मार्ग पर हादसा हुआ, वहां पुल का कार्य अभी जारी है और सड़क पूरी तरह तैयार नहीं है. बावजूद इसके, यह मार्ग देखने में चालू सड़क जैसा प्रतीत होता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार जीपीएस और ऑनलाइन मैपिंग सेवाएं इसी अधूरे मार्ग को सबसे छोटा और तेज रास्ता बताती हैं, जिससे बाहर से आने वाले वाहन चालक भ्रमित हो जाते हैं. इस मामले में बदलापुर पश्चिम पुलिस थाने में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस घटना की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि निर्माणाधीन मार्ग पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम और चेतावनी संकेत क्यों नहीं लगाए गए थे.

Back to top button