अमरावती दौरे पर एक्शन मोड में दिखे राजस्व मंत्री बावनकुले

दर्यापुर तहसील का औचक निरीक्षण, फाइलों की जांच से मचा हड़कंप

* किसानों से संवाद कर पाणंद सड़क कार्यों का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
अमरावती/दि.16- राज्य के राजस्व मंत्री व जिला पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले आज अपने अमरावती दौरे के दौरान पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए. पालकमंत्री बावनकुले ने दर्यापुर तहसील कार्यालय में नागरिकों की समस्याएं सुनने से लेकर कार्यालयीन कामकाज की औचक जांच तथा खारतलेगाव में मुख्यमंत्री बलीराजा पगडंडी सड़क योजना के कार्यों का प्रत्यक्ष निरीक्षण करने के साथ ही प्रशासनिक व्यवस्था और ग्रामीण विकास कार्यों का विस्तृत आढावा लिया. उनके दौरे से प्रशासनिक महकमे में पूरे दिन हलचल बनी रही.

* खारतलेगाव में पाणंद सड़क कार्यों का मंत्री बावनकुले ने किया निरीक्षण
राज्य के राजस्व मंत्री व जिला पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने आज अपने अमरावती दौरे के दौरान दर्यापुर तहसील के खारतलेगाव पहुंचकर मुख्यमंत्री बलीराजा पगडंडी सड़क योजना अंतर्गत चल रहे कार्यों का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने मुख्य सड़क से जुड़ने वाले पाणंद मार्गों की प्रगति का जायजा लिया तथा किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं, अपेक्षाएं और सुझाव सुने.
राजस्व मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर संपर्क मार्ग उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है. आने वाले पांच वर्षों में राज्यभर में अधिकाधिक पगडंडी सड़कों का निर्माण कर ग्रामीण अधोसंरचना को और मजबूत किया जाएगा, जिससे किसानों को खेतों तक पहुंचने और कृषि उपज के परिवहन में सुविधा मिलेगी.
निरीक्षण के दौरान मंत्री बावनकुले ने अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि पाणंद सड़कें ग्रामीण विकास और कृषि अर्थव्यवस्था को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी. इस अवसर पर विधायक राजेश वानखडे, भाजपा भातकुली तहसील अध्यक्ष शाम गवली, पूर्व तहसील अध्यक्ष सोपान गुडधे, जिला सरचिटणीस नितीन गुडधे, बंडू सखे, गजानन क्षीरसागर, कैफ खान, शुभम सरडे, प्रतीक देशमुख, उमेश भुसारी, धनंजय कोराटे, सवेंद्र चक्रे, धनंजय ओलिवकर, सुरेश देशमुख, लीलाधर कडु सहित अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे.

* मंत्री बावनकुले के औचक निरीक्षण से तहसील कार्यालय में मचा हड़कंप
राजस्व मंत्री व जिला पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने अमरावती जिले के दर्यापुर तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्था की गहन जांच की. मंत्री के अचानक निरीक्षण से तहसील कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया. जानकारी के अनुसार बैठक समाप्त होने के बाद स्वयं राजस्व मंत्री ने महसूल सहाय्यक अमोल घाटे के दप्तर एवं शासकीय अभिलेखों की जांच की. इस दौरान उन्होंने लंबित प्रकरणों, सरकारी फाइलों के रखरखाव, दस्तावेजों की व्यवस्था तथा कार्यालयीन कामकाज की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया.
मंत्री बावनकुले ने अधिकारियों से लंबित मामलों के निपटारे, नागरिकों की शिकायतों के समाधान तथा प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता को लेकर जानकारी ली. उन्होंने यह भी जांचा कि अधिकारी और कर्मचारी नियमित एवं जिम्मेदारीपूर्वक कार्य कर रहे हैं या नहीं. सूत्रों के अनुसार निरीक्षण के दौरान कई विभागों के रिकॉर्ड और फाइलों की स्थिति पर भी चर्चा हुई. मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को कामकाज में सुधार और लंबित प्रकरणों का शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए.
इस अवसर पर जिलाधिकारी आशिष येरेकर, विधायक गजानन लवटे सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे. मंत्री के इस औचक निरीक्षण की प्रशासनिक गलियारों में पूरे दिन चर्चा होती रही.

* मंत्री बावनकुले ने दर्यापुर तहसील कार्यालय में लगाया जनता दरबार
आज अपने अमरावती दौरे के तहत दर्यापुर पहुंचे राज्य के राजस्व मंत्री व जिला पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने दर्यापुर तहसील कार्यालय पहुंचकर विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर आए नागरिकों से प्रत्यक्ष संवाद किया. इस दौरान उन्होंने लोगों की शिकायतें और निवेदन ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए.
इस समय राजस्व मंत्री बानकुले ने कहा कि शासन की योजनाओं और प्रशासनिक सेवाओं का लाभ आम नागरिकों तक समय पर पहुंचना चाहिए. उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के निराकरण में संवेदनशीलता और तत्परता बरतने के निर्देश भी दिए. इस अवसर पर विधायक राजेश वानखेडे, विधायक प्रवीण तायडे, विधायक गजानन लवटे, पूर्व विधायक तथा भाजपा अमरावती जिलाध्यक्ष प्रभुदास भिलावेकर, पूर्व विधायक रमेश बुंदिले, जिलाधिकारी आशिष येरेकर, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सत्यम गांधी सहित अन्य अधिकारी, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे.
कार्यक्रम के दौरान नागरिकों ने राजस्व, जमीन, प्रमाणपत्र, मूलभूत सुविधाओं तथा अन्य प्रशासनिक विषयों से संबंधित निवेदन मंत्री के समक्ष प्रस्तुत किए. मंत्री बावनकुले ने संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर मामलों का निपटारा करने के निर्देश दिए.

Back to top button