धुले में अजीब अंदाज में युवती गायब होने से सनसनी
हाथ हवा में ऊपर करके जैसे कोई खींचकर ले जा रहा हो, अकेली ही चलती गई

* * हैरान कर देने वाली घटना
धुले/दि.18 – धुले शहर की एक 18 वर्षीय युवती हवा में हाथ ऊपर करके, जैसे कोई उसका हाथ पकड़कर ले जा रहा हो, इस तरह अचानक लापता हो जाने से हड़कंप मच गया है. इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है. उसमें यह युवती बेहद रहस्यमय तरीके से चलते हुए दिखाई दे रही है.
मिली जानकारी के अनुसार, लापता हुई युवती का नाम संजीवनी राहुल वराडे है. वह धुले के शासकीय दूध डेअरी परिसर के सहजीवन नगर से शुक्रवार दोपहर लापता हो गई. पिछले कुछ दिनों से धुळे में महिलाओं और लड़कियों के लापता होने की कई घटनाएं सामने आई हैं. ये सभी घटनाएं लालच देकर या बहला-फुसलाकर भगाने की बताई जा रही हैं. लेकिन संजीवनी वराडे की घटना कुछ अलग ही है. वह मानो किसी अदृश्य शक्ति द्वारा हाथ पकड़कर खींची जा रही हो, इस तरह हवा में हाथ उठाकर कहीं जाती दिखाई दे रही है. इससे अभिभावकों में डर का माहौल फैल गया है.
* घटना का वीडियो हुआ वायरल
इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है. उसमें संजीवनी अपने घर के बाहर खड़ी दिखाई देती है. उसी समय एक बुजुर्ग व्यक्ति उसके सामने से गुजरता है. यह व्यक्ति आगे निकलते ही अगले ही क्षण संजीवनी जैसे होश खोकर चलने लगती है. चलते समय उसका हाथ ऐसा लग रहा है मानो कोई उसे खींच रहा हो. क्योंकि वह आगे बढ़ते हुए अपना हाथ जैसे किसी के हाथ में देकर चलती दिखाई दे रही है. सीसीटीवी में वह व्यक्ति दिखाई नहीं देता, लेकिन संजीवनी का हाथ हवा में लटका हुआ नजर आता है. इससे ऐसा लगता है कि वह बेहोशी या नींद जैसी अवस्था में है.
* आखिर क्या हुआ? सब हैरान
दूसरी ओर, संजीवनी के लापता होने के बाद उसके परिवार ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन वह अभी तक नहीं मिली है. दिनदहाड़े हुई इस अजीब घटना से सभी हैरान हैं. आखिर संजीवनी गई कहाँ? यह सवाल सबके मन में है. कुछ प्रत्यक्षदर्शियों और वीडियो देखने वालों के अनुसार, संजीवनी का सम्मोहन के जरिए अपहरण किए जाने की संभावना जताई जा रही है. चर्चा है कि वह होश में नहीं थी और किसी ने उसे इस तरह अपने साथ ले गया. वहीं कुछ लोगों का मानना है कि वह किसी गहरे विचार में घर से बाहर निकली और उसी अवस्था में कहीं चली गई होगी.





