सिटीलैंड में सिमरन गारमेंट के संचालक पर नौकर ने किया हमला
हमले में प्रतिष्ठान संचालक श्रीचंद मोटवानी गंभीर घायल

* इलाज हेतु कराया गया अस्पताल में भर्ती, हालत खतरे से बाहर
अमरावती/दि.14 – स्थानीय सिटीलैंड व्यापारी संकुल के बी ब्लॉक स्थित सिमरन गारमेंट में दुकान मालिक और उनके नौकर के बीच किसी बात को लेकर वाद विवाद हुआ. इस समय नौकर ने तैश में आकर दुकान मालिक पर पार्सल पैकिंग मशीन से वार करते हुए हमला किया. इस हमले में श्रीचंद मोटवानी गंभीर रूप से घायल हुए. जिन्हें इलाज के लिए रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां पर उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई गई है.
इस संदर्भ में मिली जानकारी के मुताबिक आज दोपहर 12 बजे के आसपास सिमरन गारमेंट के संचालक श्रीचंद मोटवानी हमेशा की तरह अपनी दुकान में मौजूद थे तथा नौकरों को कामकाज के लिए जरूरी दिशा निर्देश दे रहे थे. इसी समय किसी बात को लेकर एक नौकर ने उनके साथ झंझट करनी शुरू कर दी और बात के बढते ही पार्सल पैक करने की मशीन के हत्थे से श्रीचंद मोटवानी की छाती पर धडाधड वार करने शुरू कर दिए. इस समय दुकान में मौजूद अन्य लोगों ने बीच बचाव किया. पश्चात संचालक श्रीचंद मोटवानी को इलाज हेतु रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है. नांदगांव पेठ पुलिस मामले की जांच कर रही है.





