जिप कर्मचारियों के हित में अनेक महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित
जिला परिषद कर्मचारी संगठनों की संयुक्त बैठक हुई

अमरावती/दि.13- महाराष्ट्र राज्य जिला परिषद लिपिक वर्गीय कर्मचारी संगठना की अमरावती जिला शाखा तथा महाराष्ट्र राज्य जिला परिषद कर्मचारी यूनियन, अमरावती जिला शाखा की संयुक्त मासिक बैठक शनिवार को जिला परिषद परिसर स्थित संघ कार्यालय में उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई. बैठक की अध्यक्षता संगठन के जिलाध्यक्ष एवं राज्य कार्याध्यक्ष पंकज गुल्हाने ने की, जबकि संचालन जिला सचिव संजय राठी ने किया.
बैठक में पिछली बैठक के कार्यवृत्त की सर्वसम्मति से पुष्टि की गई तथा वर्ष 2026 की सदस्यता/कैलेंडर शुल्क शीघ्र जमा कराने का निर्णय लिया गया. बैठक में कर्मचारियों के हित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा कर कई प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए. सामान्य प्रशासन विभाग में पदोन्नति प्रक्रिया के दौरान कर्मचारियों की समस्याओं को देखते हुए पदोन्नति से पहले परामर्श (काउंसलिंग) कर यथासंभव सुविधाजनक कार्यस्थल उपलब्ध कराने की मांग की गई. महिला कर्मचारियों की सुविधा के लिए पंचायत समिति भातकुली, कृषि विभाग तथा शिक्षा विभाग के कार्यालयों में ‘हिरकणी कक्ष’ स्थापित करने तथा विशाखा समिति के अंतर्गत अलग से परामर्श एवं शिकायत निवारण कक्ष शुरू करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया.
बैठक में वर्ष 2016 से डीसीपीएस/एनपीसी कर्मचारियों के वेतन से कटौती होने के बावजूद अनेक खातों का समायोजन लंबित रहने पर नाराजगी व्यक्त की गई. इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों को विस्तृत ज्ञापन सौंपकर मामले का अनुसरण करने का निर्णय लिया गया. साथ ही नांदगांव खंडेश्वर सहित विभिन्न पंचायत समितियों के डीसीपीएस/एनपीसी कर्मचारियों के छठे वेतन आयोग के लंबित एरियर की राशि तत्काल उनके खातों में जमा कराने की मांग की गई. हाल ही में पदोन्नत एवं नव-नियुक्त कनिष्ठ सहायक, वरिष्ठ सहायक, कनिष्ठ प्रशासन अधिकारी तथा सहायक प्रशासन अधिकारी के लिए सेवा नियम, स्थापना एवं कार्यालयीन कार्यप्रणाली पर विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित करने की मांग भी की गई. इसके अलावा जिले की पंचायत समितियों के कर्मचारियों का पिछले पांच वर्षों से लंबित यात्रा भत्ता (टीए) भुगतान शीघ्र करने के लिए आवश्यक निधि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया. बैठक के दौरान जुलाई 2026 में विभिन्न पदों पर पदोन्नत हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों का संगठन की ओर से पुष्पगुच्छ देकर सम्मान किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं.
बैठक में जिलाध्यक्ष पंकज गुल्हाने, जिला सचिव संजय राठी, महासचिव गजानन कोरड़े, सहसचिव विजय कोठाळे, कार्याध्यक्ष संजय येवुतकर, राज्य प्रचार प्रमुख एवं जिला उपाध्यक्ष हेमंतकुमार यावले, राज्य केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य दिनेश राऊत, महिला सचिव अर्चना मानकर, युवा उपाध्यक्ष जीवन नारे सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे. बैठक के अंत में अध्यक्ष पंकज गुल्हाने ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए सभा समाप्ति की घोषणा की.