माली महासंघ द्वारा किया गया सम्मान मेरे जीवन का गौरवशाली पल
विधायक प्रवीण पोटे का प्रतिपादन

* सर्वशाखीय माली महासंघ ने किया विधायक पोटे का सत्कार
अमरावती/दि.13– विगत कई वर्षों से मैं जनप्रतिनिधि के रुप में सेवा दे रहा हूं. मेरे इस सेवा कार्य में माली समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है. उनका हमेशा ही मुझे सहयोग मिलता रहा, जिसके कारण मैं समाज के लिए आवश्यक सभी कार्य कर पाया. आज माली महासंघ द्वारा जिस प्रकार से मेरा सत्कार किया जा रहा है, वह मेरे जीवन का एक गौरवशाली पल है, जिसे मैं आजीवन भूल नहीं सकता, ऐसा प्रतिपादन विधायक प्रवीण पोटे पाटिल ने अपने सत्कार के जवाब में किया.
स्थानीय शेगांव नाका स्थित अभियंता भवन में रविवार 12 जुलाई की शाम 7 बजे सर्वशाखीय माली महासंघ एवं ऋणानुबंध की ओर से विधान परिषद के स्थानीय निकाय प्राधिकरण से वे बहुमतों से चुनकर आए. इस उपलक्ष्य में सर्वशाखीय माली महासंघ एवं ऋणानुबंध की ओर से उनके सत्कार समारोह का आयोजन किया गया था. इस अवसर पर वे बोल रहे थे. सत्कार समारोह की अध्यक्षता सर्वशाखीय माली महासंघ प्रमुख गणेश खारकर ने की. इस समय विधायक प्रवीण पोटे पाटिल, विधायक उमेश यावलकर, महात्मा फुले बैंक के पूर्वाध्यक्ष इंजी. राजेंद्र आंडे, महात्मा फुले बैंक के अध्यक्ष दिलीप लोखंडे, उमाकांत चिंचोलकर, क्रेडाई के उपाध्यक्ष कपिल आंडे, सचिन वानखेडे, नगर रचना विभाग की संचालक नम्रता सावरकर आदि प्रमुख रुप से उपस्थित थे.
विधान परिषद सदस्य प्रवीण पोटे ने आगे कहा कि, मैं भले ही प्रत्यक्ष जनता से चुनकर नहीं आया हूं, लेकिन जनता ने जिन जनप्रतिनिधियों को चुनकर दिया है, उन जनप्रतिनिधियों ने मेरा चयन किया है. मेरे कार्य और जनता का विश्वास ही मेरी जीत का रहस्य है. मैं हमेशा ही समाज के हित में कार्य करता रहा हूं. चाहे निर्माण का क्षेत्र हो या, फिर शिक्षा और जनसेवा का कार्य हो, हर क्षेत्र में मैं जनता को बेहतरीन सुविधा उपलब्ध करवाने की कोशिश करता हूं. जिसके कारण हर समाज और हर वर्ग का मुझे हमेशा प्यार मिलता रहा है. माली महासंघ ने मेरे लिए जो यह सत्कार समारोह का आयोजन किया है, उससे मैं अत्यंत प्रभावित हुआ हूं. माली समाज की ओर से जिस प्रकार मेरा सत्कार किया गया है, वह मेरे लिए यादगार पल बन चुका है. आनेवाले समय में माली महासंघ के माध्यम से समाज की उन्नति एवं प्रगति के लिए जो हो सकेगा, वह हरसंभव प्रयास करते रहने का विश्वास भी प्रवीण पोटे पाटिल ने व्यक्त किया.
सत्कार समारोह में उपस्थित विधायक उमेश यावलकर ने कहा कि, वर्ष 2001 से मेरी राजनीतिक शुरुआत हुई है. तब से अब तक मैं विधायक प्रवीण पोटे के साथ रहा हूं. उस समय मैं वरुड नगर परिषद के एक नगरसेवक के रुप में उनके साथ रहा. लगातार 25 वर्षों के कार्यकाल में मैंने हमेशा ही विधायक प्रवीण पोटे का साथ निभाया है और आज भी मैं उनके साथ हूं और भविष्य में भी उनके साथ रहूंगा. उनकी कार्यशैली हमेशा लोगों का भला सोचती है. यही कारण है कि, उन्हें काम करनेवाला व्यक्ति अत्यंत प्रिय होता है. वह मंत्री बने, पालकमंत्री बने, मैं भविष्य में भी यही कामना करता हूं कि, वह फिर एक बार जिले के पालकमंत्री के रुप में शपथ लेकर जिले के विकास में अपना योगदान दें, मेरा यह सपना भविष्य में पूरा हो, ऐसीही कामना मैं करता हूं.
डॉ. गणेश खारकर ने कहा कि, माली महासंघ द्वारा हमेशा ही जनता के हित में कार्य करनेवाले हर जनप्रतिनिधि को सम्मानित किया जाता है. यह केवल विधायक प्रवीण पोटे का सम्मान नहीं, बल्कि समाज का भी सम्मान समारोह है, ऐसा प्रतीत हो रहा है कि, आनेवाले समय में माली महासंघ द्वारा किए गए हर कार्य में उनका हमें हमेशा ही सहयोग मिलता रहेगा. साथ ही उन्होंने समाज के इस सत्कार समारोह में उपस्थित रहकर समाज द्वारा दिए गए सम्मान को खुशी से स्वीकार किया, इसके लिए मैं उनका आभार व्यक्त करता हूं. सम्मान समारोह में विधायक प्रवीण पोटे पाटिल का शाल, श्रीफल, सम्मान पत्र, महात्मा ज्योतिबा फुले जयसिंग पगडी पहनाकर तथा दुपट्टा प्रदान कर सत्कार किया गया.
इस अवसर पर सचिन वानखडे ने ओपन स्पेस डेवलपमेंट उपक्रम के तहत विधायक पोटे द्वारा दी गई 20 हजार वर्ग फीट जमीन पर किस प्रकार विकास कार्य के साथ एक बेहतरीन उपक्रम शुरु किया जाएगा, इसके नक्शे के माध्यम से जानकारी दी. समारोह की प्रस्तावना कपिल आंडे ने रखी और इस उपक्रम की विस्तृत जानकारी दी. वहीं प्रा. श्रीकृष्ण बनसोड ने सम्मानपत्र का पठन किया. समारोह का संचालन एवं आभार क्षिप्रा मानकर ने माना. इस समय बडी संख्या में समाजबंधुओं की उपस्थिति रही. सत्कार समारोह की शुरुआत मोहन इंगले व उनकी टीम द्वारा सुमधूर गीत प्रस्तुत कर की गई. साथ ही सम्मान से पूर्व विधायक प्रवीण पोटे पाटिल के जीवन पर आधारित फिल्म भी दिखाई गई.





