चलती ट्रेन से महिला को धक्का देकर हत्या

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

गोंदिया/दि.13- गोंदिया जिले में चलती ट्रेन से एक महिला को धक्का देकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. शुरुआत में इसे दुर्घटना माना गया था, लेकिन सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने इसे हत्या का मामला मानते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है.
मृतका की शिनाख्त गोरेगांव तहसील के गणखैरा निवासी रितु विनायक धमगाये (43) के रूप में हुई है. वह 9 जुलाई की शाम गोंदिया-वडसा मेमू लोकल ट्रेन संख्या 68806 से घर लौट रही थीं. शाम करीब 7.05 से 7.30 बजे के बीच गणखैरा रेलवे स्टेशन के पास रेलवे पोल नंबर 1009/15 के निकट चलती ट्रेन से उन्हें धक्का दे दिया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. शुरुआत में रेलवे ट्रैक के किनारे शव मिलने पर पुलिस ने इसे हादसा मानकर जांच शुरू की थी. लेकिन रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज की जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ. फुटेज में एक अज्ञात व्यक्ति महिला का हाथ पकड़कर जबरन चलती ट्रेन के बाएं दरवाजे से धक्का देते हुए दिखाई दिया.
पुलिस ने आरोपी का हुलिया भी जारी किया है. आरोपी की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष बताई गई है. उसकी कद-काठी मजबूत, रंग सांवला, बाल काले हैं. घटना के समय उसने काली टी-शर्ट, काली पैंट और गले में नारंगी रंग का दुपट्टा पहन रखा था तथा उसके चेहरे पर दाढ़ी-मूंछ थी. ग्रामीण पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. मामले की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक वीरेंद्र भोसले कर रहे हैं. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी है.

Back to top button