समूचे विदर्भ में भीषण गर्मी का कहर

अमरावती, अकोला, वर्धा में रेड अलर्ट

* पारा 47 डिग्री के पार जाने की आशंका
* अगले 48 घंटे अत्यंत खतरनाक
* मौसम विभाग और विशेषज्ञों ने जारी की चेतावनी
* सुबह 11 से शाम 6 बजे तक घर से बाहर निकलना खतरनाक
अमरावती/दि.20- इस समय अमरावती शहर व जिले सहित पूरे विदर्भ में भीषण गर्मी ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है. भारतीय मौसम विभाग ने अमरावती, अकोला और वर्धा जिलों के लिए 20 और 21 मई को रेड अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों के दौरान इन जिलों में कई स्थानों पर उष्णता की लहर से लेकर तीव्र उष्णता की लहर (सीवियर हीट वेव) की स्थिति बनने की प्रबल संभावना है. इसके साथ ही रात के समय भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी और उष्ण रात्रि जैसी परिस्थितियां बनी रह सकती हैं.
आज सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया. दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम दिखाई दी और बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में भीड़ कम रही शाम के समय भी वातावरण में तपिश बनी रही और लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल सकी.
* 47 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान
विशेषज्ञों के अनुसार अमरावती, अकोला, वर्धा और यवतमाल जिलों में अगले कुछ दिनों तक तीव्र गर्मी का असर बना रहेगा. अमरावती और अकोला में अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना जताई गई है, जबकि शेष विदर्भ में भी तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है.
* 22 और 23 मई को ऑरेंज अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग ने 22 और 23 मई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग का अनुमान है कि विदर्भ में प्री-मानसून बारिश की शुरुआत 25 मई के बाद ही हो सकती है. ऐसे में अगले सात दिनों तक गंभीर गर्मी की स्थिति बने रहने की संभावना व्यक्त की जा रही है.
* अगले 2 से 3 दिन बेहद खतरनाक
मौसम विशेषज्ञ तथा कृषि मौसम अभ्यासक प्रा. अनिल म. बंड ने चेतावनी दी है कि आगामी दो से तीन दिन बेहद खतरनाक साबित हो सकते हैं. उनके अनुसार मध्य भारत, उत्तर प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा क्षेत्र में बारिश के लिए अनुकूल मौसमीय परिस्थितियां फिलहाल मौजूद नहीं हैं. इसके कारण पूरे उत्तर और मध्य भारत में वातावरण शुष्क बना हुआ है. राजस्थान की ओर से विदर्भ की तरफ लगातार गर्म और शुष्क हवाएं प्रवाहित हो रही हैं, जिससे तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है.
* स्वास्थ्य पर बढ़ र
भीषण गर्मी के कारण अस्पतालों में डिहाइड्रेशन, चक्कर, उल्टी, सिरदर्द और लू से संबंधित शिकायतों वाले मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है चिकित्सकों ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और हृदय रोगियों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. विशेषज्ञों ने नागरिकों से सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है. अत्यधिक गर्मी के कारण हीट स्ट्रोक का खतरा भी बढ़ गया है.
* नागरिक इन बातों का रखें विशेष ध्यान
– दोपहर 11 बजे से शाम 6 बजे तक धूप में निकलने से बचें.
– अधिक मात्रा में पानी, छाछ और नींबू पानी का सेवन करें.
– हल्के और सूती कपड़े पहनें.
– सिर को कपड़े, टोपी या गमछे से ढंककर रखें.
– बच्चों और बुजुर्गों को धूप से दूर रखें.
– खाली पेट बाहर न निकलें.
– चक्कर, कमजोरी या घबराहट महसूस होने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें.

Back to top button