चाकू का भय दिखाकर युवक से 3.14 लाख रुपए लूटे

नागपुर रोड पर बीजीलैंड मार्केट के सामने की घटना

* नांदगांव पेठ पुलिस ने किया मामला दर्ज
अमरावती/दि.20 – पेट्रोल पंप पर जमा हुई रकम बैंक में भरने के लिए गये युवक को तीन लूटेरों ने बैंक के सामने मारपीट कर चाकू का भय दिखाकर लूट लिया. यह घटना मंगलवार 19 मई को दोपहर 12 बजे के दौरान घटित हुई. इस प्रकरण में नांदगांव पेठ पुलिस ने मामला दर्ज कर लूटेरों की सरगर्मी से तलाश शुरु कर दी है. लूटे गये युवक का नाम नांदगांव पेठ के बारीपुरा निवासी अक्षय रवींद्र मोरे (29) है.
जानकारी के मुताबिक अक्षय मोरे मंगलवार 19 मई को नागपुर महामार्ग के दो पेट्रोल पंप पर जमा हुई रकम बैंक में भरने के लिए बीजीलैंड मार्केट के एसबीआई बैंक में गया था. दोनों पेट्रोल पंप से 3 लाख 14 हजार रुपए जमा हुए थे. वह रकम लेकर वह दुपहिया वाहन से बैंक पहुंचा. उसने अपनी दुपहिया बैंक के सामने खडी की. थैली लेकर बैंक की सीढियां चढ रहा था, तब एक लूटेरे ने अक्षय को धक्का दिया और दूसरे ने उसकी दुपहिया खींची. इस कारण अक्षय नीचे गिर पडा. इसी समय दोनों लूटेरों ने उससे मारपीट शुरु की और चाकू का भय दिखाकर उसके हाथ से पैसों की थैली झपट ली. पश्चात इलेक्ट्रीक दुपहिया के साथ कुछ दूरी पर खडे तीसरे लूटेरे के साथ दोनों लूटेरे वहां से भाग गये. घटना की जानकारी मिलते ही नांदगांव पेठ के थानेदार दिनेश दहातोंडे और क्राइम ब्रांच के निरीक्षक संदीप चव्हाण अपने दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने परिसर के सीसीटीवी फूटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है.
* आरोपी पुलिस के रडार पर
संबंधित तीनों लूटेरे नांदगांव पेठ और क्राइम ब्रांच पुलिस के रडार पर है. लूटपाट करने वाले आरोपियों की तलाश में दल रवाना किया गया है. आरोपी स्थानीय है. घटना को अंजाम देने के बाद वे फरार होने का पुलिस को अनुमान है.
* तीनों लूटेरों ने बांध रखे थे दुपट्टे
पैसे लूटने वाले तीनों आरोपी पूरी तैयारी के साथ आये दिखाई दिये. उन्होंने चेहरे पर दुपट्टे बांध रखे थे. पुलिस ने आरोपियों का सुराग लगाना शुरु किया है. दो लोगों ने प्रत्यक्ष लूटपाट की और तीसरा आरोपी दुपहिया वाहन के साथ 10 से 15 फीट दूरी पर खडा था. लूटे हुए पैसे लेकर तीनों तेजी से वहां से भाग गये. अक्षय मोरे की शिकायत पर नांदगांव पेठ पुलिस ने बीएनएस की धारा 309 (6), 3 (5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.

Back to top button