रिवाल्वर की नोंक पर दोस्त की पत्नी पर लैंगिक अत्याचार
आरोपी पर मामला दर्ज, गाडगे नगर थाना क्षेत्र की घटना

अमरावती/दि.20 – दोस्त के साथ प्लॉट बिक्री का व्यवसाय करते हुए एक युवक ने दोस्त की पत्नी पर ही रिवाल्वर की नोंक पर लैंगिक अत्याचार किया. अश्लील वीडियो तैयार कर पिछले ढाई साल से उसका शारीरिक शोषण करता रहा. परेशान हुई पीडित महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म व जान से मारने की धमकी का मामला दर्ज किया है. यह घटना गाडगे नगर थाना क्षेत्र में हुई. आरोपी का नाम विपुल (43) बताया जाता है.
जानकारी के मुताबिक गाडगे नगर थाना क्षेत्र में रहने वाले आरोपी विपुल की प्रशांत (काल्पनिक नाम) के साथ दोस्ती थी. दोनों प्लॉट बिक्री का व्यवसाय साथ में करते थे. प्रशांत के साथ दोस्ती रहते विपुल की नजर उसकी 39 वर्षीय पत्नी पर पडी और उससे निकटता बढाने का प्रयास किया. लेकिन प्रशांत की पत्नी ने विपुल का प्रस्ताव ठूकरा दिया. पीडिता का पति बाहरगांव गया, तब विपुल ने मौका देखकर अपने दोस्त प्रशांत की पत्नी से संपर्क किया और कहा कि, उसकी भी पत्नी बाहरगांव गई है. इस कारण वह खाना लेकर उसके घर आये. जब पीडिता अपने पति के दोस्त के यहां खाना लेकर गई, तो विपुल ने उसका हाथ पकडा और रिवाल्वर तानकर उसके पति और बेटे को जान से मारने की धमकी देकर उस पर दुराचार किया. पश्चात जब भी पीडिता का पति बाहरगांव जाता था, तब मौके का फायदा उठाकर पीडिता के घर पहुंचकर विपुल उस पर लैंगिक अत्याचार करता था. साथ ही उसने अश्लील वीडियो भी निकाले थे. विपुल ने पीडिता को धमकी दी थी कि, यदि उसने यह बात किसी को बतायी तो उसके अश्लील वीडियो वह वायरल कर देगा. ढाई साल तक चले इस अत्याचार से परेशान होकर पीडिता ने मंगलवार 19 मई की शाम गाडगे नगर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज की. शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी विपुल के खिलाफ धारा 376 (2) (एम), 323, 504, 506 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.