कार्ड एक्टीवेशन के लिए ओटीपी शेअर करना पडा महंगा

युवक के साथ ऑनलाइन 1.78 लाख की ठगी

* तीन माह बाद हुआ मामला दर्ज
अमरावती/दि.19- के्रडिट कार्ड एक्टीवेट करने के बहाने साइबर अपराधी ने एक युवक को 1 लाख 78 हजार रुपए से ठग लिया. इस प्रकरण में गाडगे नगर पुलिस ने 17 जून को अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है. 18 मार्च को यह घटना घटित हुई.
शहर के तपोवन परिसर के प्रवीण नामक एक युवक द्वारा के्रडिट कार्ड के लिए आवेदन किया गया था. कुछ दिनों बाद उसके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से फोन आया. फोन पर संबंधित व्यक्ति ने क्रेडिट कार्ड आया रहने और उसे एक्टीवेट करना है क्या, ऐसी पूछताछ की. युवक ने कहा कि, वह बाद में करेगा. तब संबंधित ने उसे कहा कि, यदि कार्ड अभी एक्टीवेट नहीं किया, तो वह रद्द हो जाएगा. ऐसा डर बताकर आरोपी ने शिकायतकर्ता को अपने जाल में फंसाया. आरोपी ने शिकायतकर्ता को विश्वास में लेकर के्रडिट कार्ड के अंतिम 4 अंक हासिल किये और उसके मोबाइल पर दो अलग-अलग ओटीपी भेजे. जालसाजी करने वाले की बातचीत में आकर युवक ने वह दोनों ओटीपी नंबर आरोपी युवक को बता दिये. पश्चात बैंक खाते से 1 लाख 77 हजार 774.47 लाख रुपए निकाल लिये.
ओटीपी मिलते ही साइबर चोर ने इस युवक के बैंक खाते से दो चरणों में क्रमश: 39 हजार 898 रुपए और 18 हजार 81.47 रुपए ऐसे कुल 57 हजार 979.47 रुपए निकाल लिये. यहीं पर ही न रुकते हुए दूसरे बैंक खाते से 9 हजार 999 रुपए और दो दफा 39 हजार 898 रुपए ऐसे कुल 89 हजार 795 रुपए ट्रान्सफर कर लिये. इस तरह खाते से कुल 1 लाख 77 हजार 774.47 रुपए की ऑनलाइन जालसाजी होने का मैसेज मोबाइल पर आते ही युवक को झटका लगा. अपने साथ जालसाजी होने का पता चलते ही उसने तत्काल गाडगे नगर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज की. तीन माह बाद पुलिस ने जालसाजी का मामला दर्ज किया है.

Back to top button