शिवसेना ने नगर परिषद से की तत्काल कार्रवाई की मांग
मोर्शी में आवारा पशुओं से बढ़ी परेशानी

* सड़कों पर घूम रहे मवेशियों से यातायात प्रभावित
* दुर्घटनाओं और गंदगी की बढ़ी समस्या
मोर्शी/दि.4– मोर्शी शहर में आवारा पशुओं की बढ़ती समस्या को लेकर शिवसेना (शिंदे गुट) के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने नगर परिषद प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है. ज्ञापन में कहा गया है कि शहर की सड़कों पर बड़ी संख्या में गाय, बैल और अन्य मवेशियों के खुलेआम घूमने से नागरिकों, व्यापारियों और वाहन चालकों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
ज्ञापन के अनुसार, आवारा पशु कई बार दुकानों के सामने लंबे समय तक खड़े रहते हैं, जिससे ग्राहकों के आवागमन में बाधा उत्पन्न होती है. वहीं सार्वजनिक स्थानों पर गोबर फैलने से गंदगी, दुर्गंध और स्वच्छता संबंधी समस्याएं भी बढ़ रही हैं. शिवसेना पदाधिकारियों ने बताया कि कई पशु मुख्य सड़कों के बीच बैठ जाते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है. रात के समय यह समस्या और गंभीर हो जाती है, क्योंकि अचानक सामने आने वाले पशुओं के कारण दुर्घटनाएं होने की आशंका बनी रहती है. इससे न केवल नागरिकों बल्कि बेजुबान पशुओं की जान भी जोखिम में पड़ती है.
ज्ञापन में कहा गया है कि इस समस्या से व्यापारी, स्कूली विद्यार्थी, बुजुर्ग, पैदल यात्री और आम नागरिक सभी प्रभावित हैं. शहर में असुरक्षा का माहौल बन रहा है, इसलिए नगर परिषद को तत्काल विशेष अभियान चलाकर आवारा पशुओं को पकड़कर गौशालाओं या सुरक्षित स्थानों पर भेजने की व्यवस्था करनी चाहिए. यह ज्ञापन शिवसेना (शिंदे गुट) के शहर संयोजक एवं वैद्यकीय सहायता कक्ष तालुका प्रमुख अमोल दिलीपराव गुल्हाने के नेतृत्व में सौंपा गया. इस दौरान राहुल मल्हार (वैद्यकीय सहायता कक्ष सचिव), अतुल कुर्हेकर, अरुण ससे और ओम चांगोले सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे.





