एक ही दिन में अपहरण की 6 मामले, नाबालिगों समेत कई लोग लापता

अमरावती शहर में अलग-अलग थानों में मामले

अमरावती/दि.29 – शहर में लापता होने की घटनाओं को लेकर पुलिस ने गंभीरता बढ़ा दी है. 27 सितंबर को अमरावती शहर पुलिस आयुक्तालय के विभिन्न पुलिस थानों में अपहरण के छह मामले दर्ज किए गए. इनमें नाबालिग लड़कियों के साथ एक महिला का अपनी छोटी बेटी समेत लापता होना और एक युवक के लापता होने का मामला शामिल है. पुलिस ने सभी मामलों में जांच शुरू कर लापता लोगों की तलाश तेज कर दी है.
जानकारी के मुताबिक सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद लापता होने वाले लोगों के मामलों में तत्काल अपहरण की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच करने पर जोर दिया जा रहा है. इसी के तहत पुलिस महासंचालक स्तर से भी सभी यूनिट प्रमुखों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं. गाडगेनगर थाना क्षेत्र के प्रिया पार्क परिसर से 17 साल 11 माह की नाबालिग लड़की लापता हो गई. परिवार की शिकायत पर 27 सितंबर को पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज किया है. पुलिस उसकी तलाश कर रही है. इसी थाना क्षेत्र के पुंडलिक बाबा नगर से एक 33 वर्षीय महिला के लापता होने की जानकारी भी सामने आई है.

* बेटी के साथ महिला के लापता होने से चिंता
वलगांव क्षेत्र निवासी 30 वर्षीय मयूरी 21 सितंबर से अपनी छोटी बेटी के साथ लापता है. परिजनों द्वारा तलाश के बाद भी दोनों का पता नहीं चलने पर 27 सितंबर को वलगांव पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया. पुलिस महिला और बच्ची की तलाश कर रही है.

* बैंक जाने की बात कहकर निकली नाबालिग नहीं लौटी
नागपुरी गेट थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली नाबालिग लड़की दस्तावेज और कपड़े लेकर बैंक जाने की बात कहकर घर से निकली थी. इसके बाद वह वापस नहीं लौटी. परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है. इसी थाना क्षेत्र में एक 30 वर्षीय युवक के लापता होने की शिकायत भी पुलिस के पास दर्ज हुई है.

* अंबादेवी मार्ग से 21 वर्षीय युवती गायब
कोतवाली थाना क्षेत्र में 21 वर्षीय युवती अंबादेवी मंदिर मार्ग स्थित सार्वजनिक शौचालय परिसर के पास से लापता हो गई. रात करीब 11.30 बजे पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में तलाश के साथ उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है. एक ही दिन में अपहरण की छह मामले दर्ज होने से शहर में लापता लोगों की घटनाओं को लेकर परिजनों और नागरिकों में चिंता बढ़ गई है.

 

Back to top button