मुख्य मार्ग पर आवारा पशुओं का जमावड़ा
नगर परिषद की अनदेखी से यातायात प्रभावित

* हादसे की आशंका बढ़ी
अंजनगांव सुर्जी/दि.15 – अंजनगांव सुर्जी के नए बस स्टैंड के समीप मुख्य सड़क पर आवारा पशुओं का जमावड़ा होने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है. सड़क के बीचों-बीच पशुओं के बैठने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. नागरिकों ने नगर परिषद से तत्काल आवारा पशुओं को पकड़कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है.
नए बस स्टैंड से दर्यापुर, परतवाड़ा और अकोट की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर एसटी बसों समेत बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही होती है. गणेशोत्सव के चलते इन दिनों शहर में भीड़ और यातायात का दबाव भी बढ़ गया है. ऐसे में मुख्य चौक पर सड़क पर ही पशुओं के बैठे रहने से वाहन चालकों के लिए परेशानी और बढ़ गई है.
* पहले भी हुई थी कार्रवाई, फिर वही स्थिति
बताया जाता है कि कुछ समय पहले नगर परिषद ने आवारा पशुओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें मुख्य मार्गों से हटाया था. हालांकि, यह कार्रवाई स्थायी साबित नहीं हुई. अब गणेशोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में आवारा पशु एक बार फिर मुख्य सड़क और चौक पर डेरा जमाए नजर आ रहे हैं. सड़क के बीच बैठे पशुओं के कारण वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाना पड़ता है. इससे विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है. नागरिकों का कहना है कि किसी गंभीर हादसे के बाद कार्रवाई करने के बजाय नगर परिषद को समय रहते आवारा पशुओं का बंदोबस्त करना चाहिए.
* प्रमुख मार्गों पर भी समस्या
नागरिकों के अनुसार, नए बस स्टैंड के अलावा पुराना बस स्टैंड, टाकरखेड़ा रोड नाका, अकोट नाका तथा शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर भी आवारा पशुओं का जमावड़ा देखा जा रहा है. नागरिकों ने नगर परिषद से इन पशुओं को पकड़ने के लिए नियमित अभियान चलाने और समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है.





