अमरावती में आवारा कुत्तों व मवेशियों के खिलाफ मनपा की सख्त कार्रवाई
बाधा डालने वालों पर होगी पुलिस कार्रवाई

* 21 आवारा कुत्ते पकड़े गए, पालतू कुत्तों का पंजीकरण अनिवार्य
* अभियान में सहयोग की अपील
अमरावती/दि.18– शहर में बढ़ते आवारा कुत्तों के आतंक, सड़कों पर घूम रहे मवेशियों से होने वाले हादसों और नागरिकों की सुरक्षा को देखते हुए अमरावती महानगरपालिका ने विशेष अभियान शुरू किया है. मनपा आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले के निर्देश पर पूरे शहर में आवारा कुत्तों और मवेशियों को पकड़ने की कार्रवाई तेज कर दी गई है.
मनपा के विशेष दल सुबह से शाम तक विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चला रहे हैं. शुक्रवार 17 जुलाई को अभियान के दौरान कुल 21 आवारा कुत्तों को पकड़ा गया. मुख्य सड़कें, चौराहे, बाजार, स्कूल, अस्पताल और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष रूप से कार्रवाई की जा रही है. मनपा ने पालतू कुत्ते रखने वाले नागरिकों से भी अपने पालतू कुत्तों का अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराने की अपील की है. बिना पंजीकरण वाले कुत्तों को पालतू नहीं माना जाएगा और ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है. अभियान की निगरानी उप आयुक्त नरेंद्र वानखड़े ने स्वयं विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर की. उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी प्रभागों में नियमित जांच जारी रखी जाए.
मनपा प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि आवारा या हिंसक कुत्तों तथा सड़कों पर घूम रहे मवेशियों की जानकारी पशु चिकित्सा विभाग को दें. इसके लिए पशुधन निरीक्षक निलेश सोलंके (मो. 7030940227) तथा स्वास्थ्य निरीक्षक पंकज कल्याणकर (मो. 9860238914) से संपर्क किया जा सकता है. मनपा ने स्पष्ट किया है कि शहर में जनावर पकड़ने की कार्रवाई के दौरान यदि कोई व्यक्ति सरकारी कार्य में बाधा डालता है या अभियान में हस्तक्षेप करता है, तो उसके खिलाफ संबंधित पुलिस थाने में कानूनी कार्रवाई की जा रही है. प्रशासन ने नागरिकों से अभियान में सहयोग करने तथा सड़क पर मवेशी न छोड़ने और पालतू पशुओं को नियंत्रित रखने की अपील की है.





