सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 5 लाख की ठगी
चेक भी हुआ बाउंस, आरोपी पर मामला दर्ज

* राजापेठ थाना क्षेत्र की घटना
अमरावती/दि.4 – आदिवासी विकास विभाग की भर्ती में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक से 5 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरोपियों के नाम गोपाल नगर निवासी सूरज दिलीपराव देशमुख (39) और पवन देविदास ढाकडे (42) है.
जानकारी के मुताबिक वर्ष 2024 में सूरज जाधव (29) ने आदिवासी विकास विभाग की भर्ती के लिए आवेदन किया था. इसी दौरान आरोपी सूरज देशमुख और पवन ढाकडे ने नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उससे 5 लाख रुपये ले लिए. हालांकि बाद में सूरज भर्ती प्रक्रिया में अयोग्य घोषित हो गया. पीड़ित ने जब अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने टालमटोल करते हुए 5 लाख रुपये का चेक दिया. चेक बैंक में जमा करने पर भुगतान पर रोक होने के कारण वह बाउंस हो गया. इसके बाद जब पीड़ित ने दोबारा पैसे की मांग की तो आरोपी ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी. आरोपी ने कहा कि दोबारा पैसे मांगने आए तो जिंदा वापस नहीं जा पाओगे. पीड़ित के बयान के आधार पर राजापेठ पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.





