घर से तलवार और धारदार हंसिया बरामद, युवक गिरफ्तार
शिराला गांव में छापा, आरोपी को वलगांव पुलिस के हवाले

* क्राइम ब्रांच की कार्रवाई
अमरावती/दि.3– अमरावती शहर क्राइम ब्रांच ने अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शिराला गांव के एक युवक को गिरफ्तार किया है. गोपनीय जानकारी के आधार पर की गई छापेमारी में उसके घर से एक बड़ी लोहे की तलवार और एक धारदार लोहे की हंसिया बरामद की गई. दोनों हथियार जब्त कर आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए वलगांव पुलिस के हवाले कर दिया गया. गिरफ्तार आरोपी का नाम शिराला निवासी रोहित शिवदास राठोड (22) है.
जानकारी के मुताबिक क्राइम ब्रांच की टीम आयुक्तालय क्षेत्र में अवैध धंधों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ गश्त कर रही थी. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि शिराला निवासी रोहित शिवदास राठौड़ (22) अपने घर में अवैध हथियार छिपाकर रखा हुआ है. सूचना की पुष्टि होने पर पुलिस टीम ने वार्ड क्रमांक-6 स्थित उसके घर पर छापा मारा. तलाशी के दौरान घर से एक बड़ी लोहे की नुकीली तलवार तथा एक बड़ी धारदार लोहे की हंसिया बरामद हुई. दोनों हथियारों की अनुमानित कीमत एक-एक 500 रुपये, कुल 1 हजार रुपये बताई गई है. पुलिस ने हथियार जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए वलगांव पुलिस स्टेशन को सौंप दिया. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके, पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) प्रांजलि सोनवणे, सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) कैलास फुंडकर तथा सहायक पुलिस आयुक्त (गाडगेनगर विभाग) निलेश ब्राह्मणे के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच की टीम ने की.





