3.40 करोड़ की एमडी ड्रग्स तस्करी केस में चार महीने से फरार आरोपी गिरफ्तार

क्राइम ब्रांच ने गवलीपुरा से दबोचा मुख्य आरोपी

* अब तक 11 आरोपी गिरफ्तार, करोड़ों की मादक सामग्री जब्त
अमरावती /दि.3 अमरावती शहर क्राइम ब्रांच ने करोड़ों रुपये की एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स तस्करी के मामले में चार महीने से फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की पहचान शेख जमीर उर्फ बाबा शेख आमद (41), निवासी गवलीपुरा, अमरावती के रूप में हुई है. उसे 2 जुलाई को न्यायालय में पेश किया गया.
पुलिस के अनुसार 8 मार्च 2026 को क्राइम ब्रांच ने गोपनीय जानकारी के आधार पर अब्दुल फहीम अब्दुल रहीम उर्फ फहीम एफ.बी. (25) और शेख अयान शेख रमजान (20) को गिरफ्तार किया था. दोनों के कब्जे से 2 किलो 80 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स तथा एक दोपहिया वाहन जब्त किया गया था. मामले में एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत नागपुरी गेट थाने में अपराध दर्ज किया गया था. पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया था कि प्रतिबंधित मादक पदार्थ मुंबई से लाकर अमरावती शहर में शेख जमीर उर्फ बाबा और उसके अन्य साथियों के माध्यम से बेचने की योजना थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी गई थी. क्राइम ब्रांच को 1 जुलाई को सूचना मिली कि फरार आरोपी शेख जमीर अपने घर आने वाला है. सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे गवलीपुरा से गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के अनुसार इस मामले में अब तक कुल 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. जांच के दौरान 2 किलो 271 ग्राम 340 मिली मादक पदार्थ तथा 9.63 लाख रुपये का अन्य सामान जब्त किया गया है. जब्त सामग्री का कुल मूल्य करीब 3.40 करोड़ रुपये बताया गया है. मामले की आगे की जांच क्राइम ब्रांच के पुलिस निरीक्षक अतुल वर के नेतृत्व में जारी है. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके, श्याम घुगे, प्रांजलि सोनवणे तथा सहायक पुलिस आयुक्त कैलास पुंडकर के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच की टीम ने की.

Back to top button