असोरिया पेट्रोल पंप फायरिंग मामले में 10 आरोपी जेल भेजे गए
न्यायालय ने आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने के दिए आदेश

अमरावती/दि.25-बहुचर्चित असोरिया पेट्रोल पंप फायरिंग मामलमें गिरफ्तार किए गए 10 आरोपियों को अदालत ने न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए हैं. पुलिस द्वारा आरोपियों को निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां सुनवाई के उपरांत उन्हें जेल रवाना कर दिया गया.
जानकारी के अनुसार, पेट्रोल पंप पर हुई फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया था. जांच के दौरान आरोपियों से पूछताछ की गई तथा घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की गई. मामले की सुनवाई के दौरान पुलिस ने जांच की प्रगति और उपलब्ध साक्ष्यों की जानकारी न्यायालय को दी. इसके बाद अदालत ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश पारित किया. गिरफ्तार आरोपियों में सुफियान बेग अनवर बेग, वसीम खान शफी खान, अरबाज खान अहेफाज खान, सैय्यद तौसिफ सैय्यद नासिर, शेख परवेज शेख सादिक सहित अन्य आरोपी शामिल हैं.
फायरिंग की इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था, जिसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. इस प्रकरण को लेकर स्थानीय स्तर पर काफी चर्चा रही है और पुलिस पूरे मामले पर बारीकी से नजर बनाए हुए है.





