‘वह’ थार कार और दो ‘कथित’ पिस्तौल जब्त
परतवाडा सेक्स स्कैंडल मामले में पुलिस की बडी कार्रवाई

* कई बडे प्रस्तापितों में मचा हडकंप, पुलिस लेगी ‘एक्सपर्ट ओपीनियन’
अमरावती/परतवाड़ा/दि.23- परतवाड़ा लैंगिक शोषण और अश्लील वीडियो कांड की जांच में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं. मुख्य आरोपी अयान अहमद तनवीर द्वारा रील शूट के दौरान उपयोग किए गए महिंद्रा थार वाहन और गन जैसी दिखने वाली दो वस्तुएं पुलिस ने जब्त कर ली हैं. ये वाहन और कथित हथियार सावली दातुरा निवासी राजेश रोशन प्रजापति (50) के स्वामित्व के पाए गए हैं.
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अयान ने थार वाहन में रील शूट किया था, जिसमें उसके पास पिस्टल जैसी दिखने वाली वस्तुएं नजर आ रही थीं. जांच के बाद उक्त वाहन और दोनों गन राजेश प्रजापति से जब्त किए गए हैं. प्राथमिक जांच में इन पिस्टल का बोर/व्यास कम पाया गया है, जिससे इनके एयर गन होने की आशंका जताई जा रही है. अब इन्हें विशेषज्ञों के पास विस्तृत जांच के लिए भेजा जाएगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी.
इसके अलावा जांच के दौरान यह भी पता चला कि, रील शूटिंग के दौरान इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन आरोपी अयान अहमद द्वारा एक अन्य व्यक्ति को बेच दिया गया था. पुलिस ने उस व्यक्ति से मोबाइल बरामद कर उसे भी मामले में जब्त कर लिया है. इससे डिजिटल साक्ष्य मिलने की उम्मीद है.
सूत्रों के अनुसार, आरोपी अयान युवतियों को पहले प्रेम जाल में फंसाता था और बाद में उनके साथ संबंध बनाकर वीडियो रिकॉर्ड करता था. बताया जा रहा है कि वीडियो बनाते समय वह अपने पास पिस्टल जैसी वस्तु रखता था, ताकि पीड़ितों पर मानसिक दबाव और भय बनाया जा सके. हालांकि, अब तक की जांच में यह संकेत मिल रहा है कि कथित पिस्टल वास्तव में एयर गन हो सकती है, जिसका उपयोग डराने के लिए किया गया हो.
इस पूरे घटनाक्रम से यह आशंका मजबूत हुई है कि आरोपी ने भय का माहौल बनाकर पीड़ितों को चुप रहने के लिए मजबूर किया. यही कारण हो सकता है कि अब तक कोई भी पीड़ित खुलकर सामने नहीं आया है. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और डिजिटल तथा फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाने में लगी है. अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं.
* ‘उस’ लैपटॉप पर टिकी एसआईटी की उम्मीदे
बता दें कि, पुलिस ने इस मामले में आरोपी एहफाज खान से मोबाइल सहित लैपटॉप, टैब व हार्ड डिस्क को भी जब्त किया है. चूंकि आरोपियों द्वारा अपने मोबाइल से डेटा को पहले ही डीलिट कर दिया गया था. जिसे रिकवर करने का प्रयास किया जा रहा है. वहीं दूसरी ओर अब मामले की जांच कर रही एसआईटी की उम्मीदें इस मामले में जब्त किए गए लैपटॉप से कोई सबूत व सुराग मिलने पर टिकी हुई है.





