पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए हमेशा तैयार

विद्यार्थियों से बोले थानेदार आधार सिंह सोनोने

* सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग
* हेलमेट पहनने और आत्मरक्षा सीखने का दिया संदेश
चांदूर बाजार/दि.31– चांदूर बाजार पुलिस द्वारा थानेदार आधार सिंह सोनोने के नेतृत्व में शहर के स्कूलों और महाविद्यालयों में विद्यार्थियों से सीधे संवाद करने का विशेष अभियान शुरू किया गया है. इसी अभियान के तहत नगर परिषद उर्दू विद्यालय सर सैयद अहमद खान में विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए थानेदार आधार सिंह सोनोने ने कहा कि हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर पुलिस और विद्यार्थियों को आमने-सामने दिखाने वाले कई वीडियो और रील्स प्रसारित किए गए, लेकिन वास्तविकता यह है कि पुलिस हमेशा जनता की सेवा, सुरक्षा और विद्यार्थियों की सहायता के लिए प्रतिबद्ध रहती है. उन्होंने कहा कि शिक्षा प्राप्त करना और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है, लेकिन किसी भी आंदोलन या विरोध को हिंसक रूप देना कानून की दृष्टि से गलत है. विद्यार्थियों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी और सकारात्मक तरीके से उपयोग करने की अपील करते हुए उन्होंने अफवाहों से दूर रहने का भी संदेश दिया.
थानेदार ने सड़क सुरक्षा पर जोर देते हुए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की सलाह दी. साथ ही विद्यार्थियों को फास्ट फूड और पैकेज्ड स्नैक्स से दूरी बनाकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया और इसके स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी. उन्होंने छात्राओं से आत्मरक्षा के गुर सीखने का आग्रह करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न या आपात स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करें. पुलिस प्रशासन हर समय सहायता के लिए उपलब्ध है. कार्यक्रम के अंत में थानेदार आधार सिंह सोनोने ने बताया कि विद्यार्थियों में कानून के प्रति जागरूकता और सुरक्षा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से यह संवाद अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.

Back to top button