5 से 9 अगस्त तक होगी अमरावती में स्टेट सब-जूनियर बैडमिंटन चयन प्रतियोगिता
राज्यभर के सैकड़ों खिलाड़ी होंगे शामिल, 700 से अधिक खिलाडी

* जिला स्टेडियम पर आयोजन की तैयारियां पूर्णता की ओर
* पत्रकार परिषद में अध्यक्ष डॉ. धामोरीकर ने दी जानकारी
अमरावती /दि.31- अमरावती शहर एवं जिला बैडमिंटन संघ तथा महाराष्ट्र बैडमिंटन एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में ‘योनेक्स-सनराइज जी.एच. रायसोनी मेमोरियल द्वितीय महाराष्ट्र राज्य सब-जूनियर (अंडर-9, अंडर-11 एवं अंडर-13) चयन बैडमिंटन प्रतियोगिता-2026’ का आयोजन 5 से 9 अगस्त 2026 तक जिला क्रीड़ा संकुल (जिला स्टेडियम), मोर्शी रोड, अमरावती में किया जा रहा है. इस राज्यस्तरीय प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों से सैकड़ों उभरते बैडमिंटन खिलाड़ी हिस्सा लेंगे. जिसके तहत अब तक 700 से अधिक खिलाडियों द्वारा इस स्पर्धा में शामिल होने हेतु अपने नामों का पंजीयन करा लिया गया है. यह जानकारी आज दोपहर आयोजित पत्रकार परिषद में अध्यक्ष डॉ. अनिल धामोरीकर, सचिव संजय चौधरी, संयुक्त सचिव संजय धोटे, तेजस जामठे, भारत जाजू, अंबर मोहोड, सुमित गेडाम, विवेक कांबले आदि ने दी.
उद्घाटन समारोह 5 अगस्त की शाम 5 बजे विधायक सुलभा खोडके और विभागीय आयुक्त नयना गुंडे की प्रमुख उपस्थिति में होगा. इस समय खेल व युवा संचालक अविनाश पुंंड, महाराष्ट्र एसो. के सचिव सिद्धार्थ पाटिल एवं रायसोनी एजूकेशन के संचालक अमित गांधीरे प्रमुखता से उपस्थित रहेंगे. यह प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है. आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता में अंडर-9, अंडर-11 और अंडर-13 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे. राज्य के विभिन्न हिस्सों से प्रतिभाशाली खिलाड़ी अमरावती पहुंचेंगे, जिससे जिले के खेल प्रेमियों को उच्च स्तरीय बैडमिंटन मुकाबले देखने का अवसर मिलेगा.
आयोजन समिति ने सभी जिला बैडमिंटन संघों, प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों से समयसीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने का आह्वान किया था. जिसे पूरे राज्य से जबरदस्त प्रतिसाद मिला और राज्य के अलग-अलग जिलों से 700 से अधिक खिलाडियों द्वारा इस आयोजन के लिए पंजीयन कराया गया. इस प्रतियोगिता के आयोजन की जिम्मेदारी अमरावती शहर एवं जिला बैडमिंटन संघ के पदाधिकारियों पर है. आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. अनिल धामोरीकर, उपाध्यक्ष सुनील गद्रे, सचिव संजय चौधरी, संयुक्त सचिव संजय धोटे तथा कोषाध्यक्ष रोहित गद्रे प्रमुख रूप से व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं.
इसके अलावा डॉ. विनोद कोलवाडकर, शिरीष मोहोड, रोहित राठी, तेजस जामठे, विवेक कांबले, अंबर मोहोड, सुमित गेडाम, अमित गेडाम और गौरी मेहरे सहित कई सदस्य प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं. विशेष समिति के सदस्य विलास मराठे और यश खोडके का भी आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान बताया गया है. रायसोनी स्पोर्ट्स एंड कल्चर फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता को महाराष्ट्र के युवा बैडमिंटन खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है, जहां भविष्य के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते नजर आएंगे.





