द्बितीय स्टेट सब-जुनियर बैडमिंटन स्पर्धा का हुआ शानदार उद्घाटन

पांच दिन चलनेवाली स्पर्धा का 9 अगस्त को होगा रंगारंग समापन

अमरावती/दि.6– अमरावती सिटी एंड डिस्ट्रीक्ट बैंडमिंटन असो. की ओर से आयोजित ‘योनेक्स सनराइज जीएच रायसोनी मेमोरियल द्बितीय महाराष्ट्र राज्य सब-जुनियर (अंडर-9, अंडर-11, अंडर-13) चयन बैंडमिंटन स्पर्धा-2026’ का उद्घाटन कल बुधवार 5 अगस्त को शाम 7 बजे स्थानीय मोर्शी रोड स्थित जिला क्रीडा संकुल में बडे ही शानदार ढंग से हुआ. इस उद्घाटन समारोह में अमरावती निर्वाचन क्षेत्र की विधायक सुलभा खोडके, अमरावती की विभागीय आयुक्त नयना गुंडे, क्रीडा व युवक सेवा विभाग के उप संचालक अविनाश पुंड, महाराष्ट्र बैंडमिंटन असो. के सचिव सिध्दार्थ पाटिल तथा रायसोनी एज्युकेशनल ग्रुप के जनसंपर्क संचालक अमित गंधारे बतौर प्रमुख अतिथि उपस्थित थे.
इस राज्यस्तरीय चयन स्पर्धा में पूरे राज्य से लगभग 703 उदयोन्मुख बाल खिलाडी सहभागी हुए है. जिन्हें 9 से 13 वर्ष के आयु गुटों में अपने क्रीडा कौशल्य का प्रदर्शन करने का अवसर आगामी 9 अगस्त तक उपलब्ध होगा. इस स्पर्धा के जरिए राज्य बैडमिंटन टीम के लिए बेहतरीन खिलाडियों का चयन किया जाना है. जिसके चलते इस स्पर्धा को विशेष महत्व प्राप्त हुआ है. इस स्पर्धा के बाद ठाणे में चैम्पियनशिप स्पर्धा का आयोजन होगा. जिसमें विजेता रहनेवाले खिलाडियों का चयन राज्य बैडमिंटन टीम में किया जायेगा, ऐसी जानकारी अमरावती सिटी एंड डिस्ट्रीक्ट बैंडमिंटन असो. के उपाध्यक्ष सुनील गद्रे द्बारा दी गई.
गत रोज आयोजित उद्घाटन समारोह में विधायक सुलभा खोडके एवं संभागीय राजस्व आयुक्त नयना गुंडे द्बारा स्पर्धा के शुभारंभ की अधिकारिक घोषणा किए जाने के उपरांत कोर्ट क्रमांक 1 पर अकोला विरूध्द नांदेड तथा कोर्ट क्रमांक 2 पर पुणे विरूध्द मुंबई के बीच सलामी मुकाबले खेले गये. इस अवसर पर उपस्थित गणमान्यों ने युवा खिलाडियों को शुभकामनाएं देते हुए बेहतरीन खेल, क्रीडा भावना व कौशल्य का प्रदर्शन करने के साथ ही अनुशासन का पालन करने का आवाहन किया.

* विधायक खोडके व आयुक्त गुंडे ने भी बैंडमिंटन खेलने का आनंद लिया. गत रोज दूसरी स्टेट सब-जुनियर सिलेक्शन टूर्नामेंंट के उद्घाटन अवसर पर उपस्थित विधायक सुलभा खोडके व संभागीय आयुक्त नयना गुंडे ने भी बैंडमिंटन कोर्ट पर उतरते हुए बैंडमिंटन खेलने का आनंद लिया. खास बात यह रही कि दोनों गणमान्य महिलाओं ने शानदार शॉट लगाते हुए बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया.
,
9 अगस्त को होगा समापन
कल बुधवार 5 अगस्त से शुरू हुई दूसरी स्टेट सब-जुनियर सिलेक्शन टूर्नामेंट का रंगारंग समापन आगामी 9 अगस्त को जिला क्रीडा संकुल में आयोजित समारोह के जरिए होगा. इस दौरान इस पांच दिवसीय टूर्नामेंट में पूरे राज्य भर से आए 703 खिलाडियों द्बारा सिंगल, डबल्स व मिक्स डबल्स मैचोें में अपने क्रीडा कौशल्य का प्रदर्शन किया जायेगा. इस आयोजन की सफलता हेतु अमरावती सिटी एंड डिस्ट्रीक्ट बैंडमिंटन असो. के अध्यक्ष डॉ. अनिल धामोरीकर, सचिव संजय चौधरी, उपाध्यक्ष सुनील गद्रे तथा अंबर मोहोड, रोहित गद्रे, संजय धोटे व रोहित राठी सहित अन्य पदाधिकारियों द्बारा महत प्रयास किए जा रहे हैं.

Back to top button