क्रिकेट के विवाद पर घटित हुआ तेजस बिलबिले हत्याकांड
आरोपी पिता-पुत्र पुलिस रिमांड पर

अमरावती/दि.19– उकसाने वाला स्टेटस और क्रिकेट के मैदान पर हार-जीत की खुन्नस में ही निष्पाप तेजस बिलबिले (24) नामक युवक की हत्या कर दी गई. जबकि उसका साथी कार्तिक बोरुडे (24) यह हमले में गंभीर रुप से घायल हो गया. इस हत्याकांड के आरोपी तीनों पिता-पुत्र को पुलिस ने न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया है.
बता दें कि, 17 मई की रात 10 बजे के दौरान खोलापुरी गेट थाना क्षेत्र के मालीपुरा निवासी तेजस बिलबिले नामक युवक की झंडा चौक परिसर में आकाश बेलसरे (27), वैभव बेलसरे (25) और उसके पिता राजू बेलसरे (58) ने चाकू से हमला कर हत्या कर दी थी. इस हत्याकांड के बाद दो घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को क्राईम ब्रांच के दल ने गिरफ्तार कर खोलापुरी गेट पुलिस के हवाले कर दिया. पूछताछ में मोबाइल पर रखा उकसाने वाला स्टेटस और क्रिकेट मैदान पर हार-जीत की खुन्नस में तेजस की हत्या किये जाने की बात सामने आयी. मृतक और सभी आरोपी मालीपुरा के रहने वाले है. उनकी दो क्रिकेट टीम है. हर रविवार को दोनों टीमों के बीच क्रिकेट मैच होते थे. मैच के बाद आरोपी आकाश सोशल मीडिया पर हमेशा अपनी मालीपुरा की टीम को उकसाने वाला और ‘कैसे हराया’ इस आशय का स्टेटस रखता था. दोनों टीमों के बीच इस कारण ‘टशन’ निर्माण हो गई थी. घटना वाले दिन कार्तिक और वैभव के बीच स्टेटस को लेकर चर्चा शुरु थी. तब कार्तिक ने वैभव से उसके भाई आकाश को इस तरह के उकसाने वाले स्टेटस न रखने के लिए समझाने कहा था. लेकिन विवाद बढता गया और एक-दूसरे के साथ मारपीट शुरु हो गई. वहां वैभव के पिता राजू बेलसरे भी पहुंच गये. अपने पिता और भाई को कार्तिक और तेजस मारपीट करते रहने का संदेह आकाश बेलसरे को हुआ और वह घर से सब्जी काटने का चाकू लेकर झंडा चौक पहुंच गया. चौक पर पहुंचते ही आकाश ने तेजस के छाती पर चाकू से वार कर दिया. इस हमले में तेजस की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. आकाश ने कार्तिक पर भी हमला कर उसे घायल कर दिया. इस विवाद में तेजस का कोई भी संबंध नहीं है. लेकिन उसे अपनी जान गंवानी पडी. तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस ने रिमांड पर लिया है.





