हिंगणे मसाला कंपनी में 59 हजार की चोरी का पर्दाफाश
तीन आरोपी गिरफ्तार, नांदगांव पेठ पुलिस की कार्रवाई

अमरावती/दि.6- अमरावती के नांदगांव पेठ एमआईडीसी स्थित हिंगणे मसाला कंपनी में हुई इलेक्ट्रिक मोटरों की चोरी का पुलिस ने सफलतापूर्वक पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई चारों इलेक्ट्रिक मोटर, जिनकी कीमत लगभग 59 हजार रुपये है, बरामद कर ली है. गिरफ्तार आरोपियों के नाम सावर्डी निवासी आशीष गोपाल रामटेके (35), चिंचोली गवली निवासी नितेश भीमराव गजभिये (23) तथा अमरावती के यास्मीन नगर निवासी मोहम्मद शकील मोहम्मद लईक (33) है.
जानकारी के मुताबिक कंपनी के संचालक रजत अरुणपंत हिंगणे ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 23 जुलाई 2026 की सुबह 5 बजे से 30 जुलाई 2026 की सुबह 10:30 बजे के बीच अज्ञात चोर कंपनी परिसर से चार इलेक्ट्रिक मोटर चोरी कर ले गए. शिकायत के आधार पर नांदगांव पेठ पुलिस थाने में बीएनएस की धारा 305(1), 331(3) और 331(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई. तकनीकी साक्ष्य नहीं होने के बावजूद पुलिस ने गोपनीय सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और 4 अगस्त को मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों में आशीष गोपाल रामटेके (35), नितेश भीमराव गजभिये (23) तथा मोहम्मद शकील मोहम्मद लईक (33) शामिल हैं. इनमें दो आरोपी सुरक्षा गार्ड तथा एक स्क्रैप व्यवसायी है.
पुलिस ने आरोपियों से चोरी गई चारों इलेक्ट्रिक मोटर, जिनकी कुल कीमत करीब 59 हजार रुपये है, बरामद कर ली है. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके तथा सहायक पुलिस आयुक्त नयन अलूरकर के मार्गदर्शन में नांदगांव पेठ के थानेदार पुनीत कुलत के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक गणेश राऊत तथा जांच दल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से अंजाम दी.