परतवाडा न्यूड वीडियो कांड में दर्ज हुआ तीसरा मामला

उजेर खान के खिलाफ पोक्सो के तहत एक और अपराध दर्ज

* परतवाडा सेक्स स्कैंडल मामले में पहले ही सहआरोपी है उजेर खान
* इस समय मुख्य आरोपी अयान अहमद के साथ उजेर है पीसीआर में
* जल्द ही दूसरे मामले में भी हो सकती है उजेरी की गिरफ्तारी
अमरावती /दि.22- परतवाडा के बहुचर्चित सेक्स स्कैंडल अथवा न्यूड वीडियो वायरल मामले में मुख्य आरोपी अयान अहमद के साथ सहआरोपी के तौर पर नामजद रहनेवाले उजेर खान इकबाल खान (20, अचलपुर) के खिलाफ पोक्सो एक्ट की धाराओं के तहत एक और मामला दर्ज हुआ है. जिसके चलते अब इस मामले में दर्ज एफआईआर की संख्या 3 पर जा पहुंची है. जिसके चलते फिलहाल न्यूड वीडियो वायरल मामले में पहले ही गिरफ्तार रहते हुए पुलिस कस्टडी रिमांड में रहनेवाले उजेर खान की अब अन्य दो मामलों में भी गिरफ्तारी हो सकती है. जिसकी वजह से फिलहाल उजेर खान की मुश्कीलें काफी हद तक बढती नगर आ रही है.
बता दें कि, परतवाडा में उजागर सेक्स स्कैंडल एवं न्यूड वीडियो कांड में मुख्य आरोपी अयान अहमद तनवीर अहमद के साथ नामजद रहने के साथ ही गिरफ्तार भी रहनेवाले उजेर खान को इस समय अदालती आदेश पर पुलिस कस्टडी रिमांड में रखा गया है. जहां पर एसआईटी द्वारा उससे पूछताछ की जा रही है. अयान अहमद के मोबाइल में रहनेवाले कुछ अश्लील व आपत्तिजनक वीडियो को अपने पास लेते हुए वायरल करने के मामले में विगत 14 अप्रैल को उजेर खान की गिरफ्तारी हुई थी. इसी बीच दो अलग-अलग पीडिताओं द्वारा आगे आते हुए अयान अहमद व उजेर खान के खिलाफ दो अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराई गई थी. ज्ञात रहे कि, वायरल वीडियो कांड को लेकर परतवाडा पुलिस ने स्वसंज्ञान लेते हुए अपराधिक मामला दर्ज किया था. जिसके साथ एक पीडिता द्वारा अयान अहमद के खिलाफ दिए गए बयान को जोडा गया था. वहीं दूसरी पीडिता द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर उजेर खान के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था. जबकि अब परतवाडा में ही रहनेवाली 16 वर्षीय नाबालिग की मां ने पुलिस के पास पहुंचते हुए उजेर खान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. जिसमें कहा गया है कि, उजेर खान द्वारा पीडिता को ट्यूशन आते-जाते समय पीछा करते हुए प्रताडित किया जाता था और उस पर अश्लील छींटाकशी करते हुए उसके साथ छेडछाड भी की जाती थी. इस शिकायत के सामने आते ही परतवाडा पुलिस ने उजेर खान के खिलाफ बीएनएस व पोक्सो एक्ट की धाराओं के तहत अपराधिक मामला दर्ज किया है और अब इस मामले में उजेर खान की अधिकृत तौर पर गिरफ्तारी भी हो सकती है.
* अक्तूबर माह में समझाया था, करिअर खराब होने की दुहाई देकर उजेर ने मांगी थी माफी, फरवरी से फिर जस का तस
16 वर्षीय पीडिता की मां द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक उजेर खान की हरकतों के बारे में पता चलते ही पीडिता के माता-पिता ने अक्तूबर 2025 में उजेर खान को बुलाकर अच्छे से समझाईश दी थी और अपनी बेटी से बात करने, उसे मैसेज भेजने और उसका पीछा करने का सिलसिला बंद नहीं करने पर पुलिस में शिकायत देने की बात कही थी. उस समय उजेर खान ने अपना करिअर खराब हो जाने की दुहाई देते हुए पीडिता के माता-पिता के आगे झुककर माफी मांगी थी और वह जनवरी 2026 तक शांत रहा, परंतु फरवरी 2026 से उसने एक बार फिर पीडिता का पीछा करना शुरु किया और उसे बार-बार कॉल व मैसेज करते हुए तकलीफ देने लगा. जिससे तंग आकर पीडिता ने 18 अप्रैल को अपने माता-पिता से पूरी बात बता दी. जिसका पता चलते ही पीडिता की मां ने सीधे पुलिस थाने पहुंचकर उजेर खान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. जिसके आधार पर परतवाडा पुलिस ने उजेर खान के खिलाफ बीएनएस एवं पोक्सो एक्ट की धाराओं के तहत अपराधिक मामला दर्ज करते हुए मामले की जांच करनी शुरु की है.

Back to top button