अमरावती में जनगणना 2026 का प्रथम चरण शुरू
मनपा ने पार्षदों व नागरिकों से की सहयोग की अपील

अमरावती/दि.22 – भारत की जनगणना 2026 के प्रथम चरण की प्रक्रिया अमरावती महानगरपालिका क्षेत्र में शुरू हो गई है. इस संबंध में महानगरपालिका प्रशासन ने मनपा के सभी पदाधिकारियों व पार्षदों सहित आम नागरिकों से सहयोग करने की अपील की है.
इस संदर्भ में मनपा के उपायुक्त एवं शहर जनगणना अधिकारी योगेश पिठे द्वारा परिपत्रक जारी करते हुए बताया गया कि, जनगणना का पहला चरण 1 मई 2026 से 15 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा. इसके बाद 16 जून 2026 से 24 जुलाई 2026 तक घर-घर जाकर प्रत्यक्ष गणना का कार्य किया जाएगा, जिसमें प्रत्येक परिवार की जानकारी एकत्र की जाएगी. इसके अलावा आम नागरिक स्वयं भी आधिकारिक वेबसाइट सेन्सस डॉट गव डॉट इन पर जाकर अपनी एवं अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन सुरक्षित रूप से भर सकते हैं. इसके साथ ही निर्धारित अवधि में प्रगणक (एन्यूमरेटर) घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे.
मनपा प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जनगणना कार्य पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा और इसका उद्देश्य केवल सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और जनसंख्या से जुड़ी सटीक जानकारी प्राप्त करना है. उक्ताशय की जानकारी देते हुए उपायुक्त एवं शहर जनगणना अधिकारी योगेश पिठे ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि जनगणना का कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके. साथ ही उन्होंने मनपा के सभी पदाधिकारियों व पार्षदों से भी आवाहन किया है कि, वे नागरिकों को जनगणना प्रक्रिया में हिस्सा लेने हेतु प्रवृत्त एवं प्रोत्साहित करे.





