हाईवे पर दिनदहाड़े लूटपाट करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
1.03 लाख रुपये का माल जब्त, नाबालिग भी वारदात में शामिल

* लोणी पुलिस की कार्रवाई
अमरावती/दि.10 – लोणी थाना क्षेत्र में हाईवे पर राहगीर को रोककर लूटपाट करने वाले गिरोह का स्थानीय ग्रामीण अपराध शाखा ने पर्दाफाश किया है. पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग के भी वारदात में शामिल होने की जानकारी सामने आई है. आरोपियों के कब्जे से नकदी, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और पावर बैंक सहित करीब 1 लाख 3 हजार रुपये का माल जब्त किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों के नाम अकोला निवासी रितेश केशव महापात्रा (24), गौरव विनोद डोंगरे (19), श्रेयस उमेश इंगले (20) और एक नाबालिग है.
जानकारी के मुताबिक 5 अगस्त को सुनील एकनाथराव अजमिरे (55) ने लोणी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के मुताबिक, वह सुबह करीब 7.50 बजे अमरावती से बडनेरा-लोणी होते हुए अकोली जहागीर जा रहे थे. बेलोरा गांव के सामने वीजेवी फार्म के पास हाईवे पर चार अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया. आरोपियों ने उनकी मोटरसाइकिल की चाबी निकाल ली और मोबाइल फोन व चाबी खेत में फेंक दी. इसके बाद उनकी जेब से नकदी जबरन छीनकर आरोपी फरार हो गए. मामले की गंभीरता को देखते हुए अमरावती ग्रामीण पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने स्थानीय अपराध शाखा को आरोपियों का पता लगाकर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए.
* अकोला रेलवे स्टेशन पर दबोचे गए आरोपी
अपराध शाखा को 9 अगस्त को गोपनीय सूचना मिली कि वारदात में शामिल रितेश केशव महापात्रा (24), निवासी खड़की, अकोला, अपने साथियों के साथ अकोला रेलवे स्टेशन परिसर में घूम रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अकोला रेलवे स्टेशन के ऑटो पार्किंग परिसर में संदिग्ध अवस्था में घूम रहे युवकों को पंचों के समक्ष हिरासत में लिया. पूछताछ में आरोपियों की पहचान रितेश केशव महापात्रा (24), गौरव विनोद डोंगरे (19), निवासी खड़की, अकोला तथा श्रेयस उमेश इंगले (20), निवासी कनेरी, तहसील अकोला के रूप में हुई. जांच में एक नाबालिग के भी अपराध में शामिल होने की जानकारी सामने आई है.
* पूरी रात अमरावती में घूमे, सुबह हाईवे पर बनाई लूट की योजना
पुलिस पूछताछ में रितेश महापात्रा ने कथित तौर पर बताया कि 4 अगस्त की शाम वह अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिल से अमरावती आया था. पूरी रात शहर में घूमने के बाद 5 अगस्त की सुबह अकोला लौटते समय सड़क पर किसी राहगीर को रोककर पैसे छीनने की योजना बनाई गई. इसके बाद लोणी के पास उन्होंने शिकायतकर्ता को निशाना बनाया. आरोपियों ने कथित रूप से उनकी मोटरसाइकिल की चाबी निकाली, मोबाइल फोन छीनकर खेत में फेंका और नकदी जबरन लेकर अकोला की ओर भाग गए. बाद में लूटी गई रकम आपस में बांटने की बात भी जांच में सामने आई है.
* 1.03 लाख का माल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से शिकायतकर्ता से छीनी गई 2 हजार रुपये की नकदी, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल क्रमांक एमएच-30/बीवाय-2480, तीन मोबाइल फोन, एक पावर बैंक समेत कुल 1 लाख 3 हजार रुपये का माल जब्त किया है. मामले की आगे की जांच लोणी पुलिस द्वारा की जा रही है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी इससे पहले ऐसी अन्य वारदातों में शामिल रहे हैं या नहीं.
* इनकी रही प्रमुख भूमिका
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के आदेश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़ के मार्गदर्शन में की गई. स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक अशोक लांडे के नेतृत्व में पीएसआई रोहित कुदले, सुधीर बावने, गजेंद्र ठाकरे, सचिन गायधने, रवींद्र वर्हाड़े, निलेश डांगोरे, शाम गावंडे और चालक संजय प्रधान ने कार्रवाई में हिस्सा लिया. साइबर सेल के प्रवीण अंबाडकर और गुणवंत सिरसाठ ने यह कार्रवाई की.





