‘आप बावनकुले हैं, हम 96 कुली…’

मनोज जरांगे की राजस्व मंत्री को चेतावनी

* मराठा समाज के रिकॉर्ड रद्द करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं करेंगे
आटपाडी (सांगली)/दि.10 – मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे-पाटील ने सरकार को आक्रामक चेतावनी देते हुए कहा कि मराठा समाज के रिकॉर्ड रद्द करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. रविवार रात आटपाडी में सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले पर निशाना साधते हुए कहा, बावनकुले, आप बावनकुले हैं और हम 96 कुळी मराठा हैं. मराठा समाज के बच्चों के भविष्य से खेलेंगे तो मराठों का दबदबा क्या होता है, यह दिखा देंगे.
जरांगे-पाटील ने मराठा-कुणबी रिकॉर्ड, कुणबी प्रमाणपत्र, ओबीसी से आरक्षण और विभिन्न सरकारी योजनाओं में आ रही दिक्कतों को लेकर सरकार पर हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि मराठा समाज के रिकॉर्ड और प्रमाणपत्र रद्द करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने सवाल उठाया कि प्रमाणपत्र रद्द करने का अधिकार किसे है? प्रशासन को कानून के दायरे में रहकर ही कार्रवाई करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि मराठा समाज को आरक्षण, रोजगार और सरकारी सुविधाओं से दूर रखने के लिए रणनीति बनाई जा रही है. उन्होंने इसे रिकॉर्ड रद्द करने का आखिरी दांव बताते हुए सरकार को सावधान किया.
पश्चिम महाराष्ट्र में मराठा समाज एकजुट नहीं है, ऐसी धारणा रखने वालों को आटपाडी की भीड़ देखनी चाहिए, ऐसा जरांगे-पाटील ने कहा. उन्होंने कहा कि लोगों ने राजनीतिक दलों को बड़ा बनाया, लेकिन अब समाज जागरूक हो गया है. अब हमें अपने बच्चों और समाज को बड़ा करना है. कोई भी पार्टी या नेता हमारा बाप नहीं है, हमारा समाज ही हमारा माय-बाप है, ऐसा कहते हुए उन्होंने राजनीतिक दलों से ऊपर उठकर समाज के मुद्दों पर एकजुट होने का आह्वान किया.
जरांगे-पाटील ने अण्णासाहेब पाटील आर्थिक पिछड़ा विकास महामंडल की योजनाओं, ब्याज के मुद्दे, सारथी की योजनाओं, विभिन्न लंबित मामलों और प्रशासनिक समस्याओं को लेकर भी जानकारी दी. संबंधित लोगों से 28 या 29 अगस्त को आवश्यक आवेदन और दस्तावेजों के साथ अंतरवाली सराटी पहुंचने का आह्वान उन्होंने किया.

Back to top button