एसबीआई बैंक डकैती में तीन नाबालिग दबोचे
अपराध शाखा की बडी सफलता, नांदगांव पेठ की घटना

* मुंबई के दो दर्जन होटल-लॉज की चेकिंग के बाद मिले आरोपी
अमरावती/दि.22 – अपराध शाखा ने नांदगांव पेठ बिझीलैंड की स्टेट बैंक शाखा में 19 मई को खातेदार से लूटपाट करने के तीनों नाबालिग आरोपियों को खोज निकाला. उनसे 1.79 लाख रुपए, ओला कंपनी की दुपहिया जब्त की गई है. यह कार्रवाई इंस्पेक्टर संदीप चव्हाण के नेतृत्व में नांदगांव पेठ के थानेदार दिनेश दहातोंडे और अधिकारियों ने कर दिखाई.
हुआ यह था कि, गत 19 मई को सुबह 11 बजे अक्षय रवींद्र मोरे (29, बारीपुरा) बैंक में कैश डिपॉजिट करने गए थे. उस समय जैसे ही स्टेट बैंक शाखा की ओर बढे तीन आरोपियों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और मारपीट शुरु कर दी. गालियां बकने लगे. उनके हाथ से कैशयुक्त थैली छीनकर आरोपी भाग गए. पुलिस ने 309 (6) और 3 (5) अंतर्गत अपराध दर्ज कर तहकीकात शुरु की.
अपराध शाखा के निरीक्षक संदीप चव्हाण ने घटनास्थल का दौरा कर 40 सीसीटीवी फुटेज जांचे. गुप्त जानकारी के आधार पर पता लगा लिया कि, तीन नाबालिग इस केस में लिप्त है. जिसके बाद अपराध शाखा की टीम ने मुंबई जाकर भी वहां सीएसटी परिसर में 15-20 होटल और लॉज चेक की. इसी तलाशी दौरान एक होटल में तीनों नाबालिग आरोपी पुलिस को मिल गए. उन्हें ताबे में लेकर नांदगांव पेठ लाया गया है. अपराध शाखा की यह बडी सफलता बताई जा रही है.




