ट्रक के अचानक लेन बदलने से तीन वाहन भिड़े

5 लोग घायल, एक की हालत गंभीर

समृद्धि एक्सप्रेसवे पर अजीब तिहरा हादसा
बुलढाणा/दि.27 – समृद्धि महामार्ग (एक्सप्रेसवे) पर रविवार को सिंदखेड़राजा के पास एक अजीब तिहरा सड़क हादसा हो गया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक अज्ञात ट्रक चालक के अचानक लेन बदलने से ट्रैवल्स बस और कार सहित तीन वाहन आपस में टकरा गए. हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना नागपुर कॉरिडोर के चैनल क्रमांक 336.200 पर हुई. मुंबई से नागपुर की ओर जा रही ट्रैवल्स बस (एमएच-14 एलएक्स-1320) एक ट्रक के पीछे चल रही थी. इसी दौरान ट्रक चालक ने अचानक लेन बदल दी, जिससे ट्रैवल्स बस पीछे से ट्रक से टकरा गई. इसके तुरंत बाद पीछे से आ रही महिंद्रा कार (एमएच-43 सीयू-1161) भी ट्रैवल्स से जा भिड़ी और तिहरा हादसा हो गया.
दुर्घटना में ट्रैवल्स में सवार विनोद नागोश (47) और खलील खान (55) को मामूली चोटें आईं. वहीं कार सवार प्रणव मिश्रा (44) और मोहित मिश्रा भी घायल हुए. कार में सवार मनीष पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में उपचार जारी है. हादसे की सूचना मिलते ही समृद्धि महामार्ग उपकेंद्र सिंदखेड़राजा की पुलिस, एमएसएफ जवान, 108 एंबुलेंस और चिकित्सा दल मौके पर पहुंचा. डॉ. वैभव बोराडे और डॉ. यासीन शाह ने घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद सिंदखेड़राजा के अस्पताल में भर्ती कराया.
दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त वाहन एक्सप्रेसवे की 120 किमी प्रति घंटा गति वाली लेन में खड़े होने से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा. बाद में क्रेन की सहायता से वाहनों को हटाकर पुलिस ने बैरिकेडिंग की और यातायात सामान्य किया. पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है. मामले की जांच सिंदखेड़राजा पुलिस कर रही है.

Back to top button