आधार केंद्र के लिए आदिवासी भाइयों की एकजुट मांग

भाजपा गुटनेता राजेश मांगलेकर और अनुप सोमवंशी ने प्रभारी मंत्री को सौंपा ज्ञापन

अमरावती/दि.2 चिखलदरा तहसील के हजारों नागरिकों, विशेष रूप से दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले आदिवासी भाई-बहनों, विद्यार्थियों, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को पिछले तीन-चार वर्षों से आधार कार्ड बनवाने या आधार अपडेट कराने के लिए परतवाड़ा, अचलपुर या अमरावती तक बार-बार जाना पड़ रहा है. करीब 50 किलोमीटर की यात्रा, आर्थिक बोझ और बार-बार चक्कर लगाने की मजबूरी से लोग बेहद परेशान हैं. इस समस्या को लेकर नागरिकों में भारी नाराजगी है.
तहसील कार्यालय में आधार सेवा केंद्र नहीं होने के कारण आम नागरिकों, विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और आदिवासी समाज को आर्थिक, मानसिक और शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. इस गंभीर समस्या को लेकर अनुप सोमवंशी तथा भाजपा के गुटनेता राजेश मांगलेकर ने प्रभारी मंत्री को ज्ञापन सौंपकर चिखलदरा तहसील कार्यालय में तत्काल आधार सुविधा केंद्र शुरू करने की मांग की है. उन्होंने ज्ञापन में कहा कि चिखलदरा शहर सहित पूरे तहसील के नागरिकों को एक आवश्यक सरकारी सेवा के लिए सैकड़ों किलोमीटर की यात्रा करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है. इस बीच भाजपा गुटनेता एवं नगरसेवक राजेश मांगलेकर ने भी नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से उठाते हुए प्रभारी मंत्री को अलग से ज्ञापन सौंपा. उन्होंने मांग की कि शासन तत्काल हस्तक्षेप कर संबंधित विभाग को स्पष्ट निर्देश जारी करे, ताकि चिखलदरा तहसील कार्यालय में जल्द से जल्द आधार सुविधा केंद्र शुरू किया जा सके.
जानकारी के अनुसार, तहसील कार्यालय के माध्यम से आधार सुविधा केंद्र शुरू करने के प्रयास जारी हैं, लेकिन आरडीसी और अमरावती जिलाधिकारी कार्यालय स्तर पर हो रही देरी के कारण यह मामला लंबित है. इससे नागरिकों में रोष बढ़ता जा रहा है और जल्द ही आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है. दुर्गम और आदिवासी बहुल चिखलदरा तहसील के नागरिकों को वर्षों तक एक मूलभूत सरकारी सुविधा के लिए इंतजार करना पड़ रहा है, जिसे लेकर लोगों ने चिंता व्यक्त की है. अब नागरिकों को उम्मीद है कि प्रभारी मंत्री के हस्तक्षेप के बाद आरडीसी और अमरावती जिला कलेक्टर कार्यालय शीघ्र निर्णय लेकर चिखलदरा तहसील कार्यालय में आधार सुविधा केंद्र शुरू करेगा.

Back to top button