बडनेरा डिपो में ‘त्रिवेणी संगम’ का आयोजन
कर्मचारियों को एकजुट होकर जनसेवा का संदेश

अमरावती/दि.2– बडनेरा डिपो में बुद्ध पूर्णिमा, मजदूर दिवस और महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर संयुक्त जयंती उत्सव समिति द्वारा ‘त्रिवेणी संगम’ कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया. इस अवसर पर डिपो के अधिकारी, कर्मचारी, चालक, परिचालक और मैकेनिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.
कार्यक्रम में विभाग नियंत्रक सचिन डफला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उन्होंने कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर सार्वजनिक कार्यों को प्राथमिकता दें और समाज के लिए आदर्श स्थापित करें. कार्यक्रम की अध्यक्षता डिपो प्रबंधक पवन देशमुख ने की, जबकि अमरावती डिपो प्रबंधक वैशाली की प्रमुख उपस्थिति रही. इस दौरान महापुरुषों-डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर और गौतम बुद्ध-को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके विचारों को याद किया गया. कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ लिपिक विद्या मोरे ने किया. सम्मान समारोह के बाद सामूहिक भोजन का आयोजन भी किया गया. संयुक्त जयंती उत्सव समिति, बडनेरा डिपो द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों, अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया गया.
* उत्कृष्ट कर्मचारियों का सम्मान
इस अवसर पर बडनेरा डिपो के उत्कृष्ट कर्मचारियों को सम्मानित किया गया. डी.एस. वानखेड़े और सैयद मकसूद को क्रमशः सर्वश्रेष्ठ चालक और सर्वश्रेष्ठ परिचालक का पुरस्कार प्रदान किया गया. इसके अलावा शिवाजी दिघोले और अरविंद मेश्राम को भी सम्मानित किया गया, वहीं चंदन चौधरी और प्रकाश खोपे को भारतीय संविधान के उत्कृष्ट इंजीनियर के रूप में सम्मानित करते हुए उन्हें संविधान की प्रस्तावना की प्रति भेंट की गई.





