‘राजा शिवाजी’ का बॉक्स ऑफिस पर धमाका

पहले ही दिन 11.70 करोड़ की कमाई

* ‘सैराट’ का रिकॉर्ड टूटा, दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स
मुंबई/दि.2- अभिनेता रितेश देशमुख का ड्रीम प्रोजेक्ट ‘राजा शिवाजी’ फिल्म शुक्रवार को महाराष्ट्र दिवस पर रिलीज हुई. रिलीज के पहले ही दिन इस फिल्म ने बंपर कमाई करते हुए कुल 11.70 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है.
* महाराष्ट्र में दमदार प्रदर्शन से आंकड़ों को मजबूती
ट्रेड वेबसाइट सॅकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, ‘राजा शिवाजी’ फिल्म को मराठी दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है. इस फिल्म ने मराठी में 8.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. वहीं हिंदी में 2.95 करोड़ रुपये की कमाई हुई. आज और कल वीकेंड है, इसलिए फिल्म की कमाई में और बढ़ोतरी होने की संभावना है. इस फिल्म की शानदार एंट्री का मुख्य श्रेय इसकी मराठी वर्जन को जाता है. महाराष्ट्र के मल्टीप्लेक्स और सिंगल स्क्रीन दोनों जगह इस वर्जन को दर्शकों की जोरदार मौजूदगी मिली है. दूसरी ओर, हिंदी वर्जन की एडवांस टिकट बिक्री ने भी रफ्तार पकड़ी है और फिल्म रिलीज से पहले ही पहले दिन की कुल कमाई (ग्रॉस) 1 करोड़ रुपये के करीब पहुंच गई थी.
‘सैराट’ का रिकॉर्ड टूटा
‘राजा शिवाजी’ ने रिलीज से पहले ही एडवांस बुकिंग में कुल 5.14 करोड़ रुपये की कमाई की. इसमें केवल मूल मराठी वर्जन से ही लगभग 4.25 करोड़ रुपये (नेट 3.60 करोड़ रुपये) की कमाई हुई. इस प्रदर्शन के साथ इस फिल्म ने सैराट और टाईमपास-2 के पहले दिन के कलेक्शन के कई साल पुराने रिकॉर्ड को आसानी से तोड़ दिया. ‘सैराट’ ने पहले दिन 4.23 करोड़ रुपये कमाए थे, जबकि ‘टाइमपास 2’ ने 3.75 करोड़ रुपये कमाए थे.
खास बात यह है कि कंगना रनावत अभिनित मणीकर्णिका के पहले दिन के कलेक्शन को भी ‘राजा शिवाजी’ ने पीछे छोड़ दिया है. ‘मणिकर्णिका’ ने रिलीज के पहले दिन 8.75 करोड़ रुपये कमाए थे. हालांकि तानाजी और छावा जैसे ऐतिहासिक फिल्मों की तुलना में ‘राजा शिवाजी’ की कमाई अभी कम नजर आ रही है.
* रितेश-जेनेलिया का बेटा बाल शिवाजी के रूप में
‘राजा शिवाजी’ फिल्म छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित है. इसमें मराठा साम्राज्य की स्थापना का सफर दिखाया गया है. फिल्म में रितेश देशमुख ने छत्रपति शिवाजी महाराज की दमदार भूमिका निभाई है, जबकि जेनेलिया डिसूजा ने सईबाई की भूमिका निभाई है. खास बात यह है कि रितेश और जेनेलिया के बेटे ने फिल्म में बाल शिवाजी का किरदार निभाया है.
* सलमान खान ‘जिवा महाला’ के रूप में
इस फिल्म में संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, महेश मांजरेकर, सचिन खेडेकर, भाग्यश्री, फरदीन खान एवं जीतेंद्र जोशी की भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं हैं. खास तौर पर रितेश की अन्य फिल्मों की तरह सलमान खान ने इस फिल्म में भी एक छोटी भूमिका निभाई है. उन्होंने जिवा महाला का खास किरदार निभाया है. करीब 100 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म मराठी फिल्म इंडस्ट्री की सबसे महंगी फिल्म मानी जा रही है.

Back to top button