तुकाराम मुंडे का फिर से तबादला
अब खाद्य एवं औषधि प्रशासन के मैदान में

मुंबई/दि.25 – राज्य प्रशासन में अपनी सख्त कार्यशैली और साहसी निर्णयों के लिए पहचाने जाने वाले वरिष्ठ आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंडे एक बार फिर चर्चा में हैं. बार-बार होने वाले तबादलों के कारण हमेशा चर्चा में रहने वाले मुंडे अब खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के आयुक्त पद का कार्यभार संभालने की तैयारी कर रहे हैं. विशेष रूप से, उनके करियर का यह 25वां तबादला है. इसलिए प्रशासन में एक बार फिर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है.
कुछ महीने पहले ही तुकाराम मुंडे का दिव्यांग कल्याण विभाग से राज्य के आपदा प्रबंधन, पुनर्वास और राहत कार्य विभाग में तबादला किया गया था. लेकिन डेढ़ महीने की अवधि पूरी होने से पहले ही राज्य सरकार ने उनका फिर से तबादला कर दिया है. सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं और अब मुंडे खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के आयुक्त के रूप में काम देखेंगे. राज्य के इस विभाग पर पिछले कुछ समय में भ्रष्टाचार, रिश्वतखोरी और कदाचार के आरोप लगे थे.
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग में चल रहे विवादों की पृष्ठभूमि में तुकाराम मुंडे को जिम्मेदारी सौंपे जाने से इस विभाग में बड़े बदलावों की संभावना जताई जा रही है. इससे पहले दिव्यांग कल्याण विभाग में कार्यरत रहते हुए उन्होंने फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्रों के आधार पर सरकारी नौकरी पाने वाले सैकड़ों कर्मचारियों पर कार्रवाई की थी. कई लोगों को निलंबित कर दिया गया था. उनके इस अभियान के कारण प्रशासन में बड़ी हलचल मच गई थी.





