महाराष्ट्र सडक हादसों से दहला, 18 की मौत
रायगढ से लेकर मुंबई में भयंकर दुर्घटनाएं

* देवदर्शन से लौट रहे 8 युवकों की स्कॉर्पियो गिरी खाई में
मुंबई/रायगढ/सातारा/दि.25 – महाराष्ट्र में सोमवार भयंकर दुर्घटना वार साबित हुआ. तीन बडे सडक हादसों में 18 लोगों की जान चली गई. सैरसपाटे से लौट रहे युवाओं सहित परिवार भी दुर्घटना के शिकार हुए. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सडक हादसों पर गहरा दुख व्यक्त किया.
सतारा के आसगांव के युवकों की स्कॉर्पियो गाड़ी का रायगढ़ में पोलादपुर और महाबलेश्वर के बीच स्थित अंबेनाली घाट में भीषण दुर्घटना हो गई. इस दुर्घटना में 8 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. स्कॉर्पियो करीब 1000 फीट गहरी खाई में गिर गई. आसगांव के ये युवक कोंकण में दापोली स्थित हरणे बीच पर घूमने गए थे. मौज-मस्ती करके वे वापसी की यात्रा पर निकले थे, लेकिन अंबेनाली घाट में घात लगाकर बैठे मौत ने झपट्टा मार दिया और आज तड़के यह दुर्घटना हुई.
घाट में अंधेरा और खाई की गहराई अधिक होने के कारण दुर्घटना की भयावहता बहुत अधिक थी. इस बीच, दुर्घटनाग्रस्त हुई स्कॉर्पियो गाड़ी की पहली तस्वीर भी अब सामने आई है. स्कॉर्पियो पूरी तरह से चकनाचूर होती हुई दिखाई दे रही है. साथ ही पूरी स्कॉर्पियो काली पड़ गई है और स्कॉर्पियो से 5 फीट की दूरी पर 4 शव पड़े थे. आज सुबह 10 बजे तक दो लोगों के शव बाहर निकाल लिए गए हैं. दुर्घटना में मृत लोगों के नाम महेश अनिल पवार (आयु 25) आदित्य अशोक सालुंखे (आयु 21) रितेश राजेंद्र लोखंडे (आयु 25) सुहास जितेंद्र लोखंडे (आयु 20) अंश समीर चव्हाण (आयु 18) उत्कर्ष आनंद शिंगटे (आयु 21) अनिल अभिमन्यु शिंगटे (आयु 25) नितिन किसन नायककोंडे (आयु 35).
* ट्रैवल बस-डंपर की टक्कर, 6 मृत
मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर ललिंग घाट में सोमवार तड़के एक बेहद भीषण और दिल दहला देने वाला तिहरा सड़क हादसा हुआ. रेत से भरे तेज रफ्तार डंपर, एक कार और मध्य प्रदेश से आ रही यात्री ट्रैवल्स बस के बीच हुई इस टक्कर में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 28 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद घाट क्षेत्र में हड़कंप मच गया और वाहनों के परखच्चे उड़ गए. प्राथमिक जानकारी के अनुसार, ललिंग घाट से गुजरते समय रेत से भरे एक डंपर चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया. नियंत्रण खोने के बाद डंपर सीधे गलत दिशा में चला गया और सामने से आ रहे वाहन को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे के बाद स्थानीय नागरिक और राहत टीमें मौके पर बचाव कार्य में जुट गई थीं. इसी दौरान पीछे से आ रही मध्य प्रदेश की एक तेज रफ्तार यात्री ट्रैवल्स बस ने पहले से दुर्घटनाग्रस्त डंपर और ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. यह दूसरी टक्कर इतनी भयानक थी कि ट्रैवल्स बस में सवार तीन यात्रियों समेत कुल 5 लोगों की मौत हो गई. हादसे के बाद ललिंग घाट इलाके में यात्रियों की चीख-पुकार गूंज उठी. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग, हाईवे पुलिस और टोल प्लाजा की सहायता टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया गया. वाहनों की बॉडी काटकर घायलों और मृतकों को बाहर निकाला गया. सभी घायलों को तुरंत धुले के सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है, जबकि पुलिस फिलहाल मृतकों और घायलों की पहचान करने में जुटी हुई है.
* जुन्नर में बस ने बाइक को कुचला, 4 की मौत
पुणे जिले के जुन्नर तालुका में देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ. अहिल्यानगर-कल्याण हाईवे पर आलेफाटा इलाके में एक एसटी बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है. हादसे के बाद हाईवे पर यातायात बाधित हो गया.





