घरफोडी के दो आरोपी धरे गए, 9 मामले उजागर
24.22 लाख रुपए का माल जब्त

* फ्रेजरपुरा पुलिस की कार्रवाई
अमरावती/दि.25 – किरण नगर के किराणा दुकान में हुई चोरी की जांच शुरु रहते फ्रेजरपुरा पुलिस के दल ने दो कुख्यात सेंधमारों को दबोचकर उनसे 9 चोरी के मामले उजागर किए है. इन दोनों आरोपियों के पास से 24 लाख 22 हजार 500 रुपए का माल जब्त किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों के नाम जुना कॉटन मार्केट परिसर निवासी भारत दिलीप पवार (25) और न्यू हनुमान नगर निवासी पवन सुभाष चक्रे (32) है.
जानकारी के मुताबिक कल्याण नगर गली नं. 8 निवासी रवींद्र पंचमलाल गुप्ता (62) नामक व्यवसायी की किरण नगर में स्वस्तिक किराणा दुकान है. वह हर दिन सुबह 7 से रात 8 बजे तक दुकान पर रहते है. 18 जून को वे सुबह 7 बजे घर पर थे, तब दुकान के पडोस में रहनेवाले व्यक्ति ने घर आकर बताया कि, उनका दुकान का शटर टूटा हुआ है. यह बात सुनकर रवींद्र गुप्ता तत्काल दुकान पहुंचे. उन्होंने दुकान का जायजा किया, तब गल्ले से 12 हजार रुपए गायब दिखाई दिए. फ्रेजरपुरा पुलिस ने शिकायत के आधार पर चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरु की. मामले की जांच थानेदार रवींद्र राजूलवार के नेतृत्व में डीबी दल प्रमुख पीएसआई राहुल महाजन, हेडकांस्टेबल सुभाष पाटिल, रज्जाक शेकुवाले, जवान सचिन बोरकर, सूरज यादव, अखिल दलवी, जयेश परिवाले, रोशन वर्हाडे, प्रशांत वानखडे, सागर चव्हाण, जावेद पटेल, धर्मा शिंदे, चालक अमोल राठोड, उमेश चुलपार का दल कर रहा था, तब उन्हें मिली जानकारी के आधार पर भारत पवार और पवन चक्रे को कब्जे में लेकर पूछताछ की, तब उन्होंने किराणा दुकान में चोरी की कबूली दी. उन्होंने शहर विभिन्न थाना क्षेत्र में 9 घरफोडी करने की पुलिस को जानकारी दी. इस आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से 134.970 ग्राम सोना, नकद 3 लाख 69 हजार 500 रुपए, 1 लाख 95 हजार रुपए मूल्य के 4 दुपहिया वाहन समेत कुल 24 लाख 22 हजार 500 रुपए का माल जब्त कर लिया.
* पिछले डेढ साल में 9 घरफोडी
दोनों कुख्यात चोरों ने बताया कि, उन्होंने पिछले डेढ साल में कुल 9 घरफोडी की है. इनमें गाडगे नगर थाना क्षेत्र में 3, राजापेठ थाना क्षेत्र में 2, बडनेरा थाना क्षेत्र में 1 और फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र में 3 घरफोडी की घटनाओं को अंजाम दिया. मामले की जांच फ्रेजरपुरा पुलिस आगे कर रही है.





